अशोक विहार कॉलोनी में एक साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए वीरवार को बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए और दुकान संचालक पर फायर किया। फायर मिस हुआ तो आरोपी भागने लगे। संचालक ने एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने सिर में पिस्तौल की बट मारी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। किला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अशोक विहार कॉलोनी निवासी मंजीत कुमार ने बताया कि उनकी मकान में ही करियाणा स्टोर की दुकान है। एक साल पहले उसकी उत्तर प्रदेश के निवासी शंकर के साथ झगड़ा हो गया था। शंकर ने उसपर लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगाया था। वह वीरवार को दुकान पर बैठा हुआ था। उसकी मां कमलेश और पिता काम से गए हुए थे। इसी बीच एक युवक लड़खड़ाते हुए आया और उससे बनियों वाले शमशान घाट का पता पूछा। उसने पता बताया, लेकिन आरोपी ने बाहर आकर समझाने के लिए कहा। वह बाहर निकला तो आरोपी ने उसके पेट पर देशी पिस्तौल लगाकर फायर किया, लेकिन फायर मिस हो गया, जिस कारण वह बच गया। इसी बीच आरोपी अपने दो साथियों संग बाइक पर सवार होकर भागने लगा तो उसने एक युवक को बाइक से उतार लिया। आरोपी ने पिस्तौल की बट मारकर उसे घायल कर दिया और आरोपी छुड़ाकर फरार हो गया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें आरोपियों के चेहरों के साथ बाइक का नंबर भी दिख रहा है।