{"_id":"623ab820e88f447c6d528139","slug":"gold-jewellery-and-cash-looted-from-jewelry-maker-in-panipat","type":"story","status":"publish","title_hn":"पानीपत में वारदात: नकाबपोश चार बदमाशों ने बंधक बनाकर आभूषण कारीगरों से लूटे 25 तोले सोने के गहने और 2 लाख की नकदी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पानीपत में वारदात: नकाबपोश चार बदमाशों ने बंधक बनाकर आभूषण कारीगरों से लूटे 25 तोले सोने के गहने और 2 लाख की नकदी
Wed, 23 Mar 2022 11:33 AM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत (हरियाणा)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Wed, 23 Mar 2022 11:33 AM IST
सार
पश्चिम बंगाल के जिला पूर्वी मैदनापुर निवासी कारीगर आरूप ने बताया कि उनकी पानीपत के सुभाष बाजार में आभूषण कारीगरी की दुकान है। रात करीब 10 बजे वह दुकान का शटर बंद करके अंदर काम कर रहे थे। इसी बीच चार युवक शटर उठाकर अंदर घुस आए।
विज्ञापन
पानीपत में लूट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विस्तार
हरियाणा के पानीपत में सुभाष नगर में मंगलवार रात नकाबपोश चार बदमाशों ने आभूषण कारीगर से 25 तोले सोने के जेवर और करीब दो लाख नकदी लूट ली। पीड़ित के अनुसार चार में से दो बदमाशों के पास हथियार थे। इनके बल पर उन्होंने मुंह और हाथ पर टेप लगा दी। फिर इसके बाद वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई।
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल के जिला पुर्वी मैदनापुर के गांव कोलागछिया निवासी कारीगर आरूप ने बताया कि वह तीन साल से पानीपत में रहते हैं। पानीपत में सुभाष बाजार में रोशन महल के पास उनकी आभूषण कारीगरी की दुकान है। वह शहर के ज्वलैरों से सोना लेकर उनमें कारीगरी करने का काम करते हैं।
विज्ञापन
मंगलवार रात करीब 10 बजे वह अपने भाई स्वरूप, सतीश, अभिषेक और सुमन शातरा के साथ दुकान का शटर बंद करके अंदर काम कर रहे थे। इसी बीच चार युवक शटर उठाकर जबरदस्ती अंदर घुस आए। दो के मुंह पर मास्क और दो के मुंह पर रुमाल बांधा था। चार में से दो के हाथ में पिस्तौल थी। उन्होंने सभी कारीगरों को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद बदमाश 250 ग्राम सोना और दो लाख नकदी लूट ले गए। बदमाशों के भागने के बाद कारीगरों में से एक छत से पड़ोसियों की छत पर गया और वहां से नीचे आकर शटर खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
विज्ञापन
काउंटर से बाहर बुलाकर हाथ, पैर और मुंह पर लगा दी टेप
पीड़ित आरूप ने बताया कि बदमाशों की आयु करीब 25 से 30 वर्ष के बीच थी। उन्होंने आते ही पिस्तौल के बल पर पहले काउंटर से बाहर बुलाया और सभी के हाथ, पैर और मुंह पर टेप लगा दी। बदमाश टेप अपने साथ ही लेकर आए थे। इसके बाद बदमाशों ने सभी कारीगरों के साथ-साथ उसका मोबाइल भी जेब से निकाल लिया और पूरी वारदात को अंजाम दिया। फिर लाइट बंद कर दी और ताला उठा लिया। इसके बाद शटर बंद कर बाहर ताला लगाकर फरार हो गए।
आखिरी ग्राहक साढ़े नौ बजे आए थे
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 10 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बदमाशों ने 9:55 मिनट पर दुकान के अंदर एंट्री ली। फुटेज में बदमाशों की पूरी वारदात कैद हुई। बदमाश 10 बजकर 05 मिनट पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बदमाशों को पता था कि कहां पर गहने रखे और कहां पर कैश। ऐसे में किसी नजदीकी पर ही उन्हें शक है। उन्होंने बताया कि आखिरी ग्राहक उनके पास 9:30 पर आया था, उसके बाद उन्होंने शटर को बंद कर लिया था।
जल्द गिरफ्तारी की मांग
अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के प्रधान चंद्र सहगल ने बताया कि पानीपत में सभी ज्वेलर्स का काम कोलकाता से आए बंगाली कारीगर करते हैं। ये दिन रात मेहनत करते हैं ताकि अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। सर्राफा बाजार के सभी ज्वेलर्स इनसे आर्डर पर ज्वेलरी तैयार करवाते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द लुटेरों को काबू किया जाए।
रात आठ बजे बंद हो जाता है बाजार, गश्त बढ़ाने की मांग
सराफा बाजार के प्रधान और संयुक्त व्यापार मंडल समिति के प्रधान राजेश सूरी ने बताया कि रात आठ बजे बाजार बंद हो जाता है। बाजार में न ही कोई स्ट्रीट लाइट है। ऐसे में वारदात होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए पुलिस प्रशासन से मांग है कि बाजार में गश्त बढ़ाई जाए और मामले को जल्द ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है, जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। - इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी