Panipat: एचएसवीपी में सामने आया करीब 400 करोड का घोटाला, मिलीभगत से अधिकारियों ने बेची करीब 4000 गज जमीन
पानीपत के पूर्व जिला पार्षद एवं जन आवाज सोसायटी के प्रधान जोगिंदर स्वामी ने 15 जून 2023 को भूमि अर्जन अधिकारी से उन्होंने एक आईटीआई मांगी थी। जिसके जवाब में स्पष्ट लिखा है कि सेक्टर 6 पर खसरा नंबर 720 के अंदर केवल 12 बिस्वा भूमि ही अनर्जित है। जिसके बाद यह घोटला सामने आया।
विस्तार
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 6 में करोड़ों रुपये की एचएसवीएपी की भूमि का घोटाला सामने आया है। जिसे लेकर मंगलवार को पूर्व जिला पार्षद एवं जन आवाज सोसायटी के प्रधान जोगिंदर स्वामी ने एचएसवीपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर संपदा अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा है। जोगिंदर स्वामी का आरोप है कि एचएसवीपी की कमर्शियल करीब चार हजार भूमि की गलत जमाबंदी व इंतकाल चढ़ाकर करीब 350 से 400 करोड़ का घोटाला किया गया है। इस घोटाले में भू माफियाओं के साथ अधिकारियों की भी संलिप्तता है।
एचएसवीपी की जमीन पर कब्जा लेने की गुहार लगाई
उन्होंने घोटाले में शामिल भू माफियाओं और अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करवाने और एचएसवीपी की जमीन पर कब्जा लेने की गुहार लगाई है। जिस पर एचएसवीपी के संपदा अधिकारी विजय राठी का कहना है कि वह मामले की जांच पड़ताल करवाएंगे। जिसके बाद जो भी आगामी कार्रवाई होगी, अमल में लाई जाएगी। जोगिंदर स्वामी ने आरोप लगाया है कि एचएसवीपी की करोड़ों रुपये की जमीन भू माफिया, तहसील कार्यालय और हुड्डा विभाग के अधिकारियों ने मिलीभगत कर रेनू, सुरेंद्र, सुषमा, अरविंद, शोभा , प्रवीण, संजीव के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करवा दी।
ये था पूरा मामला
उन्होंने बताया कि 15 जून 2023 को भूमि अर्जन अधिकारी से उन्होंने एक आईटीआई मांगी थी। जिसके जवाब में स्पष्ट लिखा है कि सेक्टर 6 पर खसरा नंबर 720 के अंदर केवल 12 बिस्वा भूमि ही अनर्जित है। इस संबंध में 27 मई 2022 को भूमि अर्जन अधिकारी ने तहसीलदार को पत्र स्पष्ट हिदायत दी कि खसरा नंबर 720 में 7 बीघा 19 बिस्वा में से केवल 12 बिस्वा भूमि ही अनर्जित है। बाकी कोई भी भूमि किसी के नाम रिलीज या अनर्जित नहीं है। इसमें किसी भी प्रकार की रिलीज संबंधित कोई पत्र आप के कार्यालय में पहुंचा हो तो उसे निरस्त करें और किसी भी प्रकार के इस खसरे में कोई इंतकाल हुए हो तो उनको भी खारिज किया जाए। जिसकी रिपोर्ट रोजनामचा और जमाबंदी में दर्ज कराई गई लेकिन तहसीलदार और पटवारी ने रोजनामचा गायब दिखाकर हजारों गज जमीन अवैध तरीके से भू माफियाओं के नाम इंतकाल में दर्ज करवा दी।
एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
पूर्व जिला पार्षद जोगिंदर स्वामी ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि सोमवार तक एचएसवीपी के अधिकारियों ने अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो वह अगले मंगलवार को लघु सचिवालय में डीसी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान कमलजीत, रणजीत भोला, डीपी ग्रोवर, सोनू शर्मा, विनोद वधवा, अमित श्रीवास्तव समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
अधिकारी के अनुसार
अभी जोगिंदर स्वामी के साथ कुछ लोगों ने इस मामले के संदर्भ में शिकायत पत्र और कुछ दस्तावेज सोते हैं इनकी जांच पड़ताल की जाएगी इसके बाद जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी अमल में लाई जाएगी - विजय राठी, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी।