गांव जाटल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के दो छात्रों ने छत्तीसगढ़ के भिलोई में आयोजित सब जूनियर थ्रो बॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल व जिले का नाम रोशन किया। स्कूल पहुुंचने पर दोनों खिलाड़ी अभिषेक और बिंटू का प्राचार्य और अन्य अध्यापकों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
स्कूल की डीपी सोमवती ने बताया कि अभिषेक उनके स्कूल में दसवीं और बिंटू 11वीं कक्षा का छात्र है। दोनों छात्रों की रुचि पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलों में भी है। स्कूल प्राचार्य राकेश बूरा ने बताया कि हमें अपने दोनों खिलाड़ियों पर गर्व है। जिन्होंने 27 और 28 फरवरी को थ्रो - बाल चैंपियनशिप में बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हुए हरियाणा टीम में जगह बनाई और फिर 19 से 21 मार्च तक होने वाली 28वीं सब जूनियर थ्रो-बाल चैंपियनशिप में नेशनल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षक हरिओम ने बताया कि नेशनल में स्वर्ण पदक दिलाने पर हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार अभिषेक और बिंटू को 1.5 लाख रुपये का इनाम देकर सम्मानित करेगी। बच्चों की उपलब्धि पर स्कूल और पूरे जाटल गांव में खुशी का माहौल है। इस मौके पर रमेश, विकास, मनीष, कपिला, सुशीला, रविंद्र और सतपाल मौजूद रहे।