क्राइम ब्रांच को मिली सफलता: बंबीहा ग्रुप के दो गैंगस्टर गिरफ्तार, निशाने पर था लारेंस बिश्नोई गैंग
सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना पर नालागढ़, पिंजौर के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सौरभ के पास से एक पिस्टल और दूसरे आरोपी अर्जुन के पास से दो गोली बरामद की गई है। पिंजौर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत दोनों आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
विस्तार
पंचकूला के सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने लारेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर को मारने आए बंबीहा ग्रुप के दो गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों कुख्यात गैंगस्टरों को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ उर्फ माऊ निवासी चिड़ीमार मोहल्ला कच्चा बाजार और अर्जुन निवासी कुम्हार मंडी अंबाला छावनी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पंचकूला एसीपी राजकुमार ने बताया कि आरोपी सौरभ और अर्जुन किसी वारदात को अंजाम देने के लिए नालागढ़ पिंजौर आए थे। पहले दोनों आरोपी लारेंस बिश्नोई गैंग के साथ काम करते थे। अब दोनों आरोपी देवेंद्र बंबीहा ग्रुप के कहने पर लारेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर को मारने आए थे।
सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना पर नालागढ़, पिंजौर के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सौरभ के पास से एक पिस्टल और दूसरे आरोपी अर्जुन के पास से दो गोली बरामद की गई है। पिंजौर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत दोनों आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
इन वारदातों को दिया है अंजाम
एसीपी राजकुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अंबाला, डेराबस्सी, यमुनानगर, पंचकूला व अन्य जगहों पर लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, हत्या, डकैती और फायरिंग करने के अलावा भी अन्य संगीन वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरभ ने 4 दिसंबर 2019 को जीतू उर्फ दिवाकर, मनीष और सचिन पर जान से मारने की नीयत से तोपखाना बाजार अंबाला छावनी में अपने पांच साथियों रणधीर, मनी, चीमा, अर्जुन, मोनू डागर के साथ उन पर गोलियां बरसाई थीं। इस मामले में जान से मारने की धारा के तहत अंबाला में मुकदमा दर्ज है।
वहीं 4 मार्च 2020 को सौरभ और अर्जुन हथियारों सहित मुबारिकपुर थाना डेराबस्सी में पकड़े गए थे। इसके बाद 2 जून 2021 को सौरभ, अर्जुन, मयंक ने पंचकूला-यमुनानगर हाईवे पर बने मयूर ढाबे पर गोली चलाई थी। इस मामले में थाना मुलाना जिला अंबाला में केस दर्ज है। इसके अलावा गांव बाल छप्पर जिला यमुनानगर में सौरभ और अर्जुुन ने मनदीप उर्फ लवी के कहने पर मनीष को दो गोलियां मारी थीं। इस मामले में पुलिस ने 2 मार्च 2021 थाना छप्पर जिला यमुनानगर में जान से मारने की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
वहीं 16 मार्च 2021 को राजकुमार पर हमले के मामले में अंबाला छावनी में आरोपी सौरभ पर केस दर्ज है। इसके अलावा 15 जून 2021 को जीतू उर्फ दिवाकर को आरोपी सौरभ उर्फ अर्जुन ने गोली मारकर हत्या की थी। हत्या के बाद से आरोपी फरार थे। इन पर दोनों पर थाना अंबाला छावनी में केस दर्ज किया गया है।
अब दोनों आरोपी लारेंस बिश्नोई का गैंग छोड़कर विदेश में बैठे दलजीत उर्फ बाबू के कहने पर भूपेंद्र उर्फ भूपी राणा और देवेंद्र बंबीहा ग्रुप के लिए काम कर रहे हैं। अभी यह लारेंस बिश्नोई के गुर्गों पर हमला करने की फिराक में थे। - राजकुमार, एसीपी