फगवाड़ा: नवजोत सिद्धू ने कहा-बेहद खास है इस बार का पंजाब विधानसभा चुनाव, चन्नी के बारे में कही ये बात
रैली में नवजोत सिद्धू ने अपने सभी सियासी विरोधियों पर निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि भाजपा, अकाली और कैप्टन एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन हमेशा सिद्धू को ठोकने की बात करते थे और अब उनकी क्या हालत है।
विस्तार
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि पंजाब का चुनाव, आम चुनाव नहीं है, इसीलिए लोग होशियार हो, समझदार हो, यह जरूरी है। फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आईएएस) द्वारा दाना मंडी में रविवार को आयोजित विशाल रैली में सिद्धू ने कहा कि यह चुनाव पंजाब को लूटने और बर्बाद करने वाले माफिया बनाम पंजाब के लोगों के बीच है। यह चुनाव पंजाब के किसान और विदेश जा रहे पंजाब के युवाओं के हितों के बीच है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पंजाब की किसानी, मजदूर, गरीब और बेरोजगार युवाओं और महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़नी है।
फिर की अपने पंजाब मॉडल की चर्चा
रैली में उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी उपस्थित रहीं। इस दौरान सिद्धू ने चरणजीत चन्नी को सीएम बनाने के लिए कांग्रेस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब कांग्रेस पंजाब मॉडल अपनाएगी तो पंजाब के पांच लाख गरीब मजदूरों को निश्चित रोजगार मिलेगा। सिद्धू ने कहा कि जल्द ही 13 बिंदुओं पर आधारित पंजाब मॉडल का एक दस्तावेज जारी होगा, जिस पर सरकार स्टैंड करेगी।
सुखबीर और मजीठिया पर साधा निशाना
इस दौरान सिद्धू ने अपने सियासी विरोधियों पर जमकर तंज कसे। सिद्धू के निशाने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और उनके मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया भी रहे। सिद्धू ने कहा कि सुखे गप्पी और उसके साले ने पंजाब और यहां के व्यापार को सत्यानाश कर दिया। यह सभी रेत बजरी तक खा गए। उन्होंने कहा कि इस बार सुखे गप्पी की मेरा मेरा करने वाली सरकार नहीं बल्कि बाबा नानक के सिद्धांत तेरा तेरा पर चलने वाली सरकार बनेगी।
ईडी के दम पर डरा रही भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा भी ईडी और केंद्रीय एजेंसियों के दम पर पंजाब में डराने धमकाने की राजनीति कर रही है। सियासी नेताओं को ईडी का डर दिखाकर और बाजू मरोड़ कर कहा जाता है कि या अंदर चलो नहीं तो आओ साडे दफ्तर जालंधर। सिद्धू ने कहा कि कहावत है दाल फुलका खाओ और प्रभु के गुण गाओ पर भाजपा ने तो लोगों को उस काबिल भी नहीं छोड़ा। खाने लायक तो लोगो को छोड़ा नहीं, ऊपर से शौचालय पर शौचालय बनाए जा रहे हैं।
कैप्टन और केजरीवाल पर कसा तंज
सिद्धू ने कहा कि भाजपा, अकाली और कैप्टन एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन हमेशा सिद्धू को ठोकने की बात करते थे और अब उनकी क्या हालत है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल पर कहा कि दिल्ली में अध्यापक, डाक्टर और सरकारी कर्मचारी सड़कों पर धरने पर बैठे हैं जिनको पक्का नहीं किया जा रहा। पंजाब में वह पक्की नौकरी देने के झूठे वादे और दावे कर रहे हैं।