पंचकूला। विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने समाज के गरीब और वंचित वर्गों के लोगों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। इससे वह समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर देश-प्रदेश के नवनिर्माण में अपना योगदान दे सकें। बुधवार को सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम-सूरज) पोर्टल के लांच पर आयोजित जिलास्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल और बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा भी उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम के लाभार्थियों को लोन स्वीकृति पत्र और नमस्ते योजना के तहत सीवर सफाईकर्मियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इससे पहले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम-सूरज पोर्टल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पंचकूला एसडीएम गौरव चौहान, नगराधीश मन्नत राणा, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त सिमरनजीत कौर, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अविनाश सिंगला, जिला समाज कल्याण अधिकारी विशाल सैनी, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के जिला प्रबंधक कुलदीप सिंह, महेश कुमार, अनिल कुमार, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम पंचकूला के प्रवीन कुमार, रवित कुमार, शैलेंद्र कुमार, बीजेपी जिला महामंत्री परमजीत कौर, पार्षद सुदेश बिडला के अलावा सोनू बिडला, संबंधित विभागों के अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित थे।