पंचकूला। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर वीरवार को आईटीबीपी के बीटीसी प्रशिक्षण केंद्र भानू में सूर्य नमस्कार अभियान-2025 का आयोजन किया गया। इसमें आईटीबीपी के करीब एक हजार हिमवीरों ने सूर्य नमस्कार किया। राज्यस्तरीय समारोह को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने संबोधित किया। राज्यपाल ने सिविल सर्जन डाॅ. मुक्ता कुमार, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अजय कुमार, खेल विभाग की मीनाक्षी चौहान, सीआरपीएफ जीडी के माक्खन सिंह तोमर, युवा भारत के अश्वनी मिश्रा, विद्या भारती के डाॅ. ऋषि राज, एर्नजेटिक योग परिवार के विनोद बजाज और सुमन गुगलानी, एससीईआरटी के सुनील बजाज, योग आयोग के डाॅ. हरीश, सेना के लेफ्टिनेंट सुमित चंद को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने योग को पहली से कक्षा दसवीं तक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। इसके अलावा राज्य में दस हजार से अधिक स्कूलों, तीन सौ कॉलेजों और तीस से अधिक विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किया गया है। इस मौके पर आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक ब्रिगेडियर जीएस गिल, चेयरमैन हरियाणा योग आयोग डॉ. जयदीप आर्य ने भी अपने विचार रखे। आयोजन में डॉ. रोशन लाल, डॉ. राज कुमार, निदेशक प्रियंका, परियोजना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।