कॉरपोरेट के खिलाफ नहीं हैं हम, लेकिन किसानों के हितों की रक्षा भी करनी पड़ेगी : कैप्टन
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ किया है कि उनकी सरकार कॉरपोरेट सेक्टर के खिलाफ नहीं है। यूएसए-पंजाब निवेशक गोलमेज कांफ्रेंस-2020 के वर्चुअल उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उनके आढ़तियों के साथ लंबे समय से चल रहे रिश्ते को कायम रखने के लिए विधि-विधान तो बनाना ही पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रणाली के खत्म करने की कोई भी कोशिश काम नहीं करेगी।
कृषि कानूनों पर प्रदेश और केंद्र सरकारों की बीच मतभेदों पर चिंता प्रकट करते हुए कैप्टन ने कहा कि हमने अनाज सुरक्षा को यकीनी बनाया, जो आज पर्याप्त मात्रा है, लेकिन हो सकता है आने वाले समय में इतना न रहे। भले ही भारत आज अनाज के मामले में आत्मनिर्भर है लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि अधिक अनाज हमेशा ही रहेगा। देश को अपने अन्न भंडार रखने होंगे।
पंजाब में अमेरिकी कंपनियों की बढ़ रही दिलचस्पी की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही पंजाब खेती प्रधान सूबा है और भारतीय हरित क्रांति का घर है, लेकिन उनकी सरकार विदेशी बाजार में बढ़ोतरी के साथ कृषि को अधिक मूल्य वाला सेक्टर बनाना चाहती है। सीएम ने कहा कि यूएसए, पंजाब आधारित कंपनियों के लिए सर्वश्रेष्ठ ठिकाना है जो साल 2019-20 में 685 मिलियन अमेरिकी डालर के रूप में पंजाब की कुल आमद का 12 फीसदी है।
उद्घाटन सत्र के आरंभ में मुख्यमंत्री ने जो बाइडन को राष्ट्रपति और कमला हेरिस को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अमेरिका और पंजाब के बीच सहकारिता और मित्रता के नए युग की शुरुआत होगी।
इनवेस्ट पंजाब के तहत निवेशकों के लिए सुविधाएं गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्ट पंजाब (पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन) अपनी किस्म का एक ऐसा ‘यूनिफाइड रेगुलेटर’ मॉडल है, जहां सिंगल विंडो सर्विस पोर्टल पर 12 से अधिक विभागों की 66 से अधिक सेवाएं हासिल की जा सकतीं हैं। इन्वेस्टमेंट ब्यूरो के सीईओ को राज्य स्तर की मंजूरियां देने की शक्तियां दी गई हैं। नई नीति में विस्तार करने और नई इकाइयों को समान प्रोत्साहन दिया गया है जिसमें जीएसटी की भरपाई और उदारवादी रोजगार सब्सिडी (बिना किसी निवास की पाबंदी के) भी शामिल हैं।
खेल उद्योग संबंधी एक सवाल के जवाब में कैप्टन ने कहा कि बड़े स्तर पर एमएसएमई का गठन किया गया है। साइकिल और साइकिल पुर्जों के उत्पादन और निर्यात में पंजाब देश का नंबर एक राज्य है। इसके अलावा भारत के ट्रैक्टर उत्पादन में पंजाब का 29 प्रतिशत हिस्सा है और भारत में से ट्रैक्टरों के निर्यात में पंजाब देश का दूसरा राज्य है। उन्होंने कहा कि भारत की सेकेंडरी स्टील मार्केट में पंजाब का हिस्सा 25 प्रतिशत है। भारत में कलपुर्जे और मशीनों के उत्पादन में पंजाब पहला राज्य है।
पंजाब ने 10 फीसदी की आर्थिक विकास दर दर्ज की : तरनजीत संधू
अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों प्रौद्योगिकी पर जोर देते हैं। पिछले एक दशक के दौरान पंजाब के फूड, होजरी, सिलाई मशीनों, साइकिल उत्पादन, खेल के सामान का क्षेत्र और दूसरे क्षेत्रों में बेहतरीन 10 प्रतिशत आर्थिक विस्तार दर दर्ज की गई है।
मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश निवेशकों के लिए ऐसा माहौल प्रदान करना था, जिससे अधिक से अधिक निवेश आकर्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान राज्य में कुल निवेश 9 मिलियन डॉलर से भी अधिक रहा है और व्यावहारिक अर्थों में कारोबार स्थापित करना आसान किया गया है।