Haryana: किलोमीटर योजना के ड्राइवरों का होगा ड्रग व रोड टेस्ट, आंखों की भी जांच होगी, पांच नए बस अड्डे बनेंगे
इस वर्ष नए बस स्टैंड बनाने, नवीनीकरण व नए भवनों के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। बीते वर्ष 17 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। नागरिकों को बेहतर सेवाएं मुहैया करवाने के लिए 60 रूटों पर ई-टिकटिंग का कार्य ट्रायल आधार पर शुरू किया है, तकनीकी दिक्कतें दूर कर अन्य रूटों पर भी यह प्रणाली शुरू की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में किलोमीटर स्कीम की बसों पर कार्यरत ड्राइवरों का ड्रग और रोड टेस्ट होगा। स्वास्थ्य विभाग से उनकी आंखों की जांच भी करवाई जाएगी। ड्राइवरों के नशे की हालत में बसें चलाने और सड़क दुर्घटनाएं बढ़ने पर सरकार ने ड्रग टेस्ट कराने का निर्णय लिया है।
परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। किलोमीटर स्कीम की बसों के संचालन को लेकर लंबे समय से सवाल उठते आ रहे हैं। शर्मा ने उन्हें देखते हुए कहा कि योजना के तहत बसें तय मानदंडों के अनुसार चलें, सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएं।
सराहनीय कार्य करने वाले ड्राइवर और कंडक्टरों को सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण समय-समय पर इन बसों का औचक निरीक्षण करेगा। सूत्रों के अनुसार हर महीने किलोमीटर स्कीम के तहत चल रहीं लगभग सात सौ बसों में से चार-पांच दुर्घटनाग्रस्त हो जाती हैं।
शर्मा ने कहा कि रेवाड़ी, पीपली, बरवाला, कनीना व गुहला चीका में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक स्तर की सभी सुविधाओं से सुसज्जित नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। जल्दी नए बस अड्डों की आधारशिला रखी जाएगी।
रेवाड़ी बस स्टैंड के निर्माण की ड्राइंग तैयार कर ली गई है। पिपली बस स्टैंड की सर्वे रिपोर्ट आ चुकी है। हिसार जिला के बरवाला व महेंद्रगढ़ के कनीना में पुराने बस स्टैंड का मलबा हटाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
होडल में बस स्टैंड के नवीनीकरण का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। 6-बेज के आधुनिक बस स्टैंड बनाये जाएंगे। गुरुग्राम के खेड़कीदोला में नया बस स्टैंड बनाने का काम चल रहा है। बैठक में किलोमीटर स्कीम के बस ऑपरेटरों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
70 करोड़ रुपये होंगे खर्च
इस वर्ष नए बस स्टैंड बनाने, नवीनीकरण व नए भवनों के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। बीते वर्ष 17 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। नागरिकों को बेहतर सेवाएं मुहैया करवाने के लिए 60 रूटों पर ई-टिकटिंग का कार्य ट्रायल आधार पर शुरू किया है, तकनीकी दिक्कतें दूर कर अन्य रूटों पर भी यह प्रणाली शुरू की जाएगी।
15 हजार कर्मचारियों के ऑनलाइन तबादले होंगे
विभागीय कर्मचारियों के ऑनलाइन तबादले जल्द शुरू होंगे, यह अक्तूबर माह तक चलेंगे। 15 हजार कर्मचारियों व अधिकारियों का तबादला किया जाएगा। लगातार तीन साल से एक ही स्थान पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को प्राथमिकता आधार पर बदलेंगे। नीति में ड्राइवर, कंडक्टर, इंस्पेक्टर, स्टोर कीपर आदि को शामिल किया गया है।