शनिवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो गए हैं। पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर में अल सुबह से भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए जुट गए। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने नवरात्र में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक और पुख्ता प्रबंध किए हैं। दो से 10 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र नवरात्र मेले के लिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। इस बार मंदिर को पूरी तरह से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।
जिले के अन्य मंदिरों को भी सजाया गया है। पंचकूला के मंदिरों के अलावा कालका स्थित श्री काली माता मंदिर, रायपुररानी, पिंजौर, मोरनी और बरवाला में भी चैत्र नवरात्र को लेकर उल्लास है। मंदिरों के आसपास बाजारों से शुक्रवार को माता की चुनरी, नारियल, पूजा-अर्चना के सामान की श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की।
2 of 5
मनसा देवी मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की लाइन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
नौ जगहों से मंदिर के लिए बस सेवा
ट्राईसिटी में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को नौ जगहों से मंदिर के लिए बस सेवा मिलेगी। जीरकपुर, चंडीगढ़, कालका, डेराबस्सी, शहजादपुर, बरवाला, नारायणगढ़, रायपुररानी और पंचकूला से सीधी बसें माता मनसा देवी मंदिर में पहुंचेंगी। रोडवेज की बसें हर रोज 120 चक्कर मंदिर के लगाएंगी। अन्य रूट प्रभावित न हों, इसलिए ज्यादातर रूटों को माता मनसा देवी मंदिर से जोड़ा गया है।
3 of 5
माता के दर्शनों को लाइन में लगे श्रद्धालु।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
1000 पुलिसकर्मी तैनात
मेले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद की गई है। इसके लिए 1000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी मंदिर परिसर में लगाई गई है। मेले के दौरान 20 पुलिसकर्मी बॉडी कैमरे के साथ तैनात रहेंगे। जांच के लिए 15 नाके भी लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में दमकल विभाग की गाड़ी और कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।
4 of 5
नवरात्र के लिए खरीदारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चिकित्सकों की टीम तैनात, दवाइयां भी मिलेंगी
मंदिर परिसर में सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। यहां पर चिकित्सकों की टीम और हेल्थ वर्कर्स को तैनात किया गया है। पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाइयां भी उपलब्ध करवा दी गई हैं। अस्पताल परिसर में दो एंबुलेंस हर समय तैनात रहेंगी। अगर किसी श्रद्धालु की तबीयत ज्यादा खराब हो जाती है तो उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा।
5 of 5
माता मनसा देवी मंदिर।
- फोटो : फाइल
दिव्यांग, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी लिफ्ट की सुविधा
माता के दर्शनों के लिए आने वाले दिव्यांग, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को वीआईपी गेट से प्रवेश करवाया जाएगा। वीआईपी गेट में दो लिफ्ट हैं। एक लिफ्ट से श्रद्धालुओं को ले जाया जाएगा और दूसरी में वीआईपी मूवमेंट रहेगी। इसके अलावा छह टॉयलेट ब्लॉक बनाए गए हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश हैं कि बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति मंदिर परिसर में रहनी चाहिए। सड़कों की मरम्मत भी कराई जा रही है। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अशोक बंसल ने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 20 अस्थायी सीसीटीवी कैमरे और लगवाए जा रहे हैं, जबकि पहले ही 48 कैमरे मंदिर परिसर में लगे हैं। माता मनसा देवी के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आएगी।