पिंजौर। आंचल विहार वेलफेयर सोसायटी लोहगढ़ ने कॉलोनी के समीप बढ़ती जा रही सरकारी जमीन पर झुग्गी-झोंपड़ियों को लेकर और नगर परिषद द्वारा सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों पर कार्रवाई न करने को लेकर नाराजगी प्रकट की है। सोसायटी के पदाधिकारियों का आरोप है कि सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों में नगर परिषद अधिकारियों की मिलीभगत चल रही है। इस कारण पिंजौर शहर में लोहगढ़ ही नहीं कौशल्या नदी के पुल के समीप, पिंजौर नालागढ़ रोड पर रेलवे लाइन के समीप सहित अन्य जगहों पर लगातार स्थायी और अस्थायी कब्जे होते जा रहे हैं। सोसायटी के पदाधिकारी महावीर सिंह प्रधान, उपप्रधान बीएस चौहान, मुख्य संरक्षक चंद्रमणि वर्मा, संरक्षक अमरनाथ शर्मा, महासचिव राजबीर शर्मा जगदीप परासर, अंकुश, कमल शर्मा, नवीन कुमार, किरण नाथ, विक्की एडवोकेट, महबूब, नीरज शर्मा, धनंज्य, महिंद्र, दिनेश अग्रवाल, विजय शर्मा, कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोहगढ़ में करीब 157 बीघा नगर परिषद की जमीन है। लोगों की मांग है कि इस जगह पर पार्क, कम्यूनिटी सेंटर या अन्य सार्वजनिक हित में कोई काम करवाया जाए। नगर परिषद के पदाधिकारी अधिकारियों की उदासीनता के चलते सरकारी जमीन पर झुग्गियां बनाकर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। अधिकतर लोगों के पास न तो आधार कार्ड हैं और न ही इनकी थाने में कोई वैरिफिकेशन हुई है। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में लगातार चोरी आदि की वारदातें भी बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने पहले भी अधिकारियों को इस बाबत अवगत करवाया गया है परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया है कि अगर नगर परिषद की तरफ से जल्दी ही इन झुग्गियों को नहीं हटाया गया तो वे प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।