चंडीगढ़। शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस के साथ झड़प के बाद कई किसान घायल भी हो गए हैं। इसी के चलते पंजाब सरकार ने हरियाणा सीमा के साथ लगते अपने सभी अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि घायल हुए किसानों का इलाज शुरू किया जा सके। मान सरकार ने संगरूर, पटियाला, डेराबस्सी, मानसा और बठिंडा के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री मान की तरफ से कहा गया कि वह आम आदमी पार्टी (आप) सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा की सीमा के पास के सभी अस्पतालों को किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सीएम मान ने सभी अस्पतालों के डॉक्टरों और कर्मचारियों को ऑन कॉल रहने के निर्देश दिए हैं और हरियाणा की सीमाओं पर तैनात एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया है।
उन्होंने हरियाणा सरकार से भी अपील की कि वह पंजाब के किसानों पर लाठीचार्ज न करें और उन पर आंसू गैस के गोले व पानी की बौछार न करें। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई में कई किसान घायल हुए हैं जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वह किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी आप सरकार के मंत्री किसानों के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं। मंत्री जहां हरियाणा सरकार की आलोचना कर रहे हैं, वहीं कह रहे हैं कि वह किसानों के साथ डटकर खड़े हैं।