पंचकूला। पंचकूला गोल्फ क्लब 7 से 23 अप्रैल 2025 तक एरोप्लाजा पंचकूला गोल्फ लीग (एपीजीएल) की मेजबानी करेगा। इसमें 224 खिलाडि़यों के साथ 16 टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी होंगे। यह लीग 2 स्टेज में खेली जाएगी। राउंड रॉबिन स्टेज और उसके बाद नॉकआउट स्टेज। प्रत्येक में अलग-अलग स्कोरिंग सिस्टम होंगे जो खिलाड़ियों के स्किल्स, रणनीति और टीम भावना को व्यापक तौर पर परखेंगे। रविवार को सेक्टर-3 पंचकूला गोल्फ क्लब में यह जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एजीपीएल के ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन वीएस कुंडू ने दी। उन्होंने कहा कि इस रीजन में गोल्फ को प्रोत्साहित करने के अपने उद्देश्यों के अनुरूप लीग में बहुत ही इनक्लूसिव स्ट्रक्चर है जो सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक टीम में एक महिला गोल्फर, 70 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर गोल्फर और विभिन्न दिव्यांग कैटेगरी के खिलाड़ी शामिल हों। उन्होंने कहा कि लीग के स्टेज वन के दौरान सात दिनों के राउंड रॉबिन खेल आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रत्येक टीम समूह में एक-दूसरे के साथ खेलेगी। प्रत्येक दिन आठ मैच खेले जाएंगे। नॉकआउट स्टेज के मुकाबले क्वार्टर फाइनल से शुरू होगा जो 18 अप्रैल को होगा। क्वार्टर फाइनल के बाद 20 अप्रैल को सेमीफाइनल और 23 अप्रैल को पंचकूला गोल्फ क्लब में ग्रैंड फिनाले होगा। इसमें ग्रुप ए में हाईलैंड किंग्स, एडीएस फाल्कन्स, गोल्फिंग पैंथर्स, एसेस बाॅय विंटेज बिल्डटेक, फैंटास्टिक फोर्स, क्लब ऑन फ्लेम्स, स्नीकिन गोल्फर्स और विक्ट्री वेव्स टीमें शामिल हैं। वहीं ग्रुप बी में गोल्फिंग ईगल्स, पार-टी क्रैशर्स, टी टाइटंस, ग्रीन वॉरियर्स, रेजिंग बुल्स, टी बर्ड्स, शिवालिक स्विंगर्स और हंसा लीजेंड्स शामिल हैं। इस मौके पर पंचकूला गोल्फ क्लब के जनरल मैनेजर कर्नल एएस ढिल्लों, एरोप्लाजा के मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल ढल्ल सहित अन्य उपस्थित रहे।