पंचकूला। अभयपुर, सेक्टर-16, सेक्टर-17 और कालका की फ्रेंड्स कालोनी में कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इनके साथ लगते क्षेत्र बफर जोन होंगे। डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि अभयपुर के मकान 289, 290 ए, 290 बी, 373 ए से 373 बी, सेक्टर 16 में मकान नबंर 514 से 516 व 535, सेक्टर-17 में मकान नंबर 480 से 484 तथा सेक्टर-7 में मकान नंबर 1027 व इनके साथ लगते खुले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इस कंटेनमेंट जोन के शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी ममता शर्मा ओवर आल इंचार्ज व एसडीई एम पी शर्मा उनकी सहायता करेंगे। इसी प्रकार कालका की फ्रेंड्स कालोनी में पॉजिटिव मामला आने पर इस क्षेत्र को कंटेनमेंट कर एसडीएम कालका राकेश संधु को ओवल आल इंचार्ज और तहसीलदार वीरेन्द्र गिल उनकी मदद के लिए लगाए गए हैं। आदेशानुसार सिविल सर्जन डा. जसजीत कौर रोगी को आईसोलेट करने के अलावा चिकित्सकों की टीमों का गठन कर घर घर स्क्रीनिंग एवं सांस व फ्लू आदि से ग्रस्त लोगों की जांच एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही रोगियों के कंटेक्ट में पहले व अब तक रहे लोगों की पहचान एवं जांच का कार्य करेंगे। जारी आदेशानुसार कंटेनमेंट जोन एवं बफर जोन में नगर निगम आयुक्त इस कंटेनमेंट क्षेत्र को सैनेटाइज करवाने के ठोस कचरा प्रबंधन का निस्पादन सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती एवं नाके लगवाना सुनिश्चित करेंगे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक आवश्यक सेवाओं की पूर्ति तथा कार्यकारी अभियंता उत्तर हरियाणा बिजली निगम बिजली सप्लाई तथा कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग को पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।