{"_id":"9730","slug":"Panchkula-9730-146","type":"story","status":"publish","title_hn":"व्यापारियों के पक्ष में आई भाजपा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
व्यापारियों के पक्ष में आई भाजपा
Panchkula
Updated Fri, 11 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
पंचकूला। भारतीय जनता पार्टी ने पंचकूला में हुडा द्वारा रिज्यूम किए जा रहे बूथों और शोरूमों पर रोक लगाने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि मालिकों की लापरवाही का खामियाजा किरायेदार, दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है, इसलिए बूथों एवं शोरूमों में बैठे दुकानदारों से ही हुडा बकाया राशि ले ले। जब उसकी राशि पूरी हो जाए, तो वह फिर मालिकों को किराया देने शुरू कर दें। भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर दो स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हुडा की रिज्यूम पॉलिसी के कारण कई लोग बेरोजगार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हुडा को अपनी पॉलिसी में तबदीली करनी चाहिए, ताकि दुकानदारों को राहत मिल सके। गुप्ता ने कहा कि आज व्यापारियों में रिज्यूम पालिसी के कारण भय का माहौल है, क्योंकि उन्हें लगता है कि किसी भी समय उनका बूथ या शोरूम रिज्यूम हो जाएगा और वह न जाने कब बेरोजगार हो जाए। उन्होंने शहर में बिगड़ रही कानूनी व्यवस्था पर भी प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मंगलवार रात सेक्टर 10 में एक व्यापारी पर हुए हमले की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि व्यापारी ने जिस तरह बदमाशों का मुकाबला किया उसे पुरस्कृत करना चाहिए। 28 मई को व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं को उठाया जाएगा। इसके अलावा नौ जून को गुड़गांव में राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रधान श्याम बिहारी मिश्रा व्यापारियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर जिला प्रधान कंवरसेन सिंगला, महासचिव अजय शर्मा, दीपक शर्मा भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन