पलवल। नए कृषि कानूनों के विरोध में केएमपी-केजीपी इंटरचेंज पर चल रहा किसानों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। किसान-मजदूर महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसानों और मजदूरों का आभार व्यक्त किया गया। महापंचायत में पारित हुए प्रस्ताव के तहत मंगलवार को तेवतिया पाल ने धरने की कमान संभाली। आंदोलन के आठ माह पूरे होने पर किसानों ने चेतावनी दिवस मनाया। किसानों ने सरकार को चेतावनी देकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया। साथ ही उत्तर प्रदेश में पांच सितंबर को आयोजित महापंचायत में हिस्सा लेने का फैसला लिया।
किसान नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि रविवार को किसानों और मजदूरों ने अपनी ताकत दिखाकर महापंचायत को सफल बना दिया। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। किसानों ने मिशन उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार को उखाड़कर फेंकने का काम किया जाएगा। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पांच लाख किसान हिस्सा लेंगे। पंचायत के लिए पाल और खापों में जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। मंगलवार को कंडेला खाप के प्रधान टेकराम कंडेला के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम पलवल धरने पर पहुंची और महापंचायत में सहयोग करने की अपील की। किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में जारी धरने की अध्यक्षता बिजेंद्र सिंह तेवतिया ने की, जबकि संचालन लखन पाल तेवतिया ने किया। धरने में अच्छेलाल जोधपुर, बीर सिंह चौहान, रणजीत और जयदेव ने भजन प्रस्तुत किए।