चिकन के लिए चिक-चिक: मांस को रखने को लेकर विवाद, दो पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट, दो लोग हुए घायल
घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने देशराज, रमेश और अन्य गवाहों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि सोनू उर्फ जोगेंद्र और शंकर द्वारा मारपीट की गई है।
विस्तार
हरियाणा के पलवल के थाना कैंप क्षेत्र के जवाहर नगर में 31 मई की दोपहर मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। चिकन रखने को लेकर शुरू हुई कहासुनी लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई, जिसमें दो लोगों को गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जवाहर नगर निवासी देशराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फिश की दुकान है, जिसके सामने शंकर की परचून की दुकान है। 31 मई को दोपहर करीब 3:30 बजे शंकर का भाई सोनू चिकन देशराज की दुकान पर रखकर चला गया था। कुछ समय बाद उनका तीसरा भाई अमित वह चिकन उठाकर कहीं और रख गया।
जब सोनू दोबारा चिकन लेने आया तो उसे चिकन नहीं मिला। इस पर उसने पूछताछ की लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान सोनू घर से लाठी लेकर आया और देशराज के भाई मनोहर पर हमला कर दिया। हमले में मनोहर का हाथ टूट गया। वहीं, शंकर ने डंडे से रमेश पर वार कर दिया, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं।
शोरगुल सुनकर मौके पर लोग एकत्र हो गए और किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। घायल मनोहर और रमेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हुआ और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपी गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने देशराज, रमेश और अन्य गवाहों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि सोनू उर्फ जोगेंद्र और शंकर द्वारा मारपीट की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।