Dengue Fever: पलवल में डेंगू से एक की मौत, 10 मरीजों में बुखार की पुष्टि
पलवल में डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। एक और व्यक्ति की बुखार से मौत होने का मामला सामने आया है। मरने वाला बुजुर्ग एक निजी अस्पताल में बुखार के चलते दाखिल था। हालांकि विभाग की ओर से उसकी मौत की पुष्टि नहीं की गई है। शहर के अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
विस्तार
डेंगू का प्रकोप पलवल जिले में लगातार बढ़ रहा है। शहर में बुधवार को भी डेंगू से एक 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वे पिछले कई दिनों से फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। स्वास्थ्य विभाग लगातार हो रही इन मौतों का कारण बुखार तो बता रहा है, लेकिन डेंगू से मौत की बात को नकार रहा है। इसके अलावा पलवल में ऐसा कोई निजी अस्पताल नहीं है, जहां बुखार के मरीज न हों। अस्पतालों में फिलहाल बिस्तर तक नहीं मिल रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में भी बुखार के लगातार मरीज मिल रहे हैं। उधर, हथीन में स्वास्थ्य विभाग के शिविरों में अब बुखार के मरीज कम आ रहे हैं। बुधवार को भी चार गांवों में विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में मात्र 10 मरीजों में बुखार की पुष्टि हुई है।
ये भी पढ़ें-पानीपत में वारदात: नौल्था गांव में भैंस चराने गए 76 वर्षीय बुजुर्ग की डंडों से पीट-पीटकर हत्या
शिविर में आए कुल छह मरीज
प्रवर चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि बहीन में लगाए गए शिविर में कुल छह मरीज आए जिनमें से दो मरीज बुखार के मिले। रनियला खुर्द में कुल सात मरीज आए, जिनमें से मात्र दो मरीज बुखार के मिले। छांयसा में कुल पांच मरीज आए, जिनमें से दो मरीजों को बुखार मिला। गांव भंगुरी में कुल 40 मरीज आए, जिनमें से चार मरीजों को बुखार मिला। संबंधित गांवों में मलेरिया टेस्ट के लिए ब्लड स्लाइड बनाई गई हैं। डेंगू, कोविड एवं प्लेटलेट्स जांच के लिए भी नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है।