पलवल में 380 KG गांजा पकड़ा: कीमत एक करोड़... तीन महिला समेत छह गिरफ्तार; ओडिशा से यहां खपाने की थी तैयारी
पलवल जिले के होडल में एनसीबी की टीम ने एक कैंटर से 380 किलो गांजा बरामद किया है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा था। गांजे की कीमत एक करोड़ बताई जा रही हैै। जो ओडिशा से लाया जा रहा था।
विस्तार
जिले में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की करनाल यूनिट ने थाना होडल क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक आईशर कैंटर से 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही तीन महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई निरीक्षक ऋषीपाल सिंह की टीम ने की है। नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए गश्त के दौरान सह उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली कि उड़ीसा से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर एक गिरोह हरियाणा की ओर आ रहा है। यह गिरोह होडल क्षेत्र में डबचिक के पास बने पेट्रोल पंप पर नशीले पदार्थ से भरा हुआ कैंटर खड़ा हुआ है। उनके साथी पुलिस की रेकी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम में बताए गए स्थान पर पहुंच गई। टीम में सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार हाईवे पर पेड़ों के पास खड़े आईशर कैंटर को कब्जे में लिया गया और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कैंटर से 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद किया गया। एनडीपीएस अधिनियम के तहत यह व्यावसायिक श्रेणी में आता है।
इस मामले में थाना होडल में एफआईआर संख्या 373 को धारा 20(बी)(ii)(सी), 25 और 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस गिरोह से जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चैन और फाइनेंशियल लिंक की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
1. प्रेम महतो, निवासी प्रेम नगर, हांसी, जिला हिसार- इसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। यह जमानत पर बाहर आया था।
2. उत्तम, निवासी वार्ड नंबर-1, हांसी, जिला हिसार।
3. सुमन, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार (वर्तमान में एम्प्लॉइज कॉलोनी, हांसी में रहता है।)
4. सुंदरा, निवासी मनाना रोड, समालखा, जिला पानीपत।
5. माया, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार।
6. राम किशन, निवासी गांव बिशनपुरा, थाना सदर, जिला जींद।