कैंसर पीड़ितों को अब सरकार का सहारा: मरीजों को मिलेगी मासिक पेंशन, जानें कौन होगा पात्र और आवेदन का तरीका
उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कैंसर पीड़ितों से अपील की कि वो सरल पोर्टल के जरिए आवेदन करें और जरूरी दस्तावेज साथ रखें। ध्यान रखें, पेंशन तब तक मिलेगी जब तक मरीज स्टेज 3 या 4 में है और जीवित है।
विस्तार
हरियाणा में स्टेज-3 और 4 के कैंसर से जूझ रहे मरीजों को राहत देने के लिए सरकार ने मासिक पेंशन योजना शुरू की है। अगर मरीज की सालाना पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से कम है, तो वो इस योजना के लिए पात्र हैं। पेंशन सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर होगी, चाहे मरीज को पहले से कोई दूसरी पेंशन मिल रही हो।
ऐसे करें आवेदन
उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कैंसर पीड़ितों से अपील की कि वो सरल पोर्टल के जरिए आवेदन करें और जरूरी दस्तावेज साथ रखें। ध्यान रखें, पेंशन तब तक मिलेगी जब तक मरीज स्टेज 3 या 4 में है और जीवित है। अगर मरीज ठीक हो गया या किसी कारण से अयोग्य पाया गया, तो पेंशन तुरंत बंद कर दी जाएगी। गलत जानकारी देने पर ब्याज सहित पैसे की वसूली भी की जाएगी।
नशे के खिलाफ आवाज उठाएं, प्रशासन आपके साथ है
उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं नशे की बिक्री या तस्करी हो रही है, तो प्रशासन को तुरंत जानकारी दें। शिकायतें फोन नंबर 01275-298160, 298051 या हेल्पलाइन 18001207229 पर दी जा सकती हैं। नाम गुप्त रखा जाएगा। सरकार खेल, साइक्लोथॉन और फिटनेस एक्टिविटीज को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे से दूर रखने की कोशिश कर रही है। डॉ. वशिष्ठ ने कहा युवा अपनी ताकत देश के लिए लगाएं, नशे में नहीं।
डेंगू-मलेरिया से बचने के लिए हर रविवार मनाएं ‘ड्राई डे’
बरसात और गर्मी में डेंगू और मलेरिया जैसे मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने जिलावासियों से अपील की कि हर रविवार को ‘ड्राई डे’ मनाएं , यानी कूलर, फ्रिज, टंकी, फूलदान आदि को साफ करें। साथ ही, जिले के अस्पतालों में मुफ्त जांच की सुविधा है। लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं, कोई दवा खुद से न ले। डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई, पानी जमा न होने देना, मच्छरदानी का प्रयोग, और समय पर जांच जरूरी है।