हथीन। बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए पशुपालन विभाग ने पोल्ट्री बर्ड्स के जिला स्तरीय आवागमन पर रोक लगा दी है। वहीं शुक्रवार को विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से 30 नमूने लेकर जालंधर स्थित लैब भेजा गया है।
विभाग के उप निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के पोल्ट्री फार्मों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब तक विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से 30 बर्ड्स के नमूने लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए जालंधर लैब में भेजा गया है। अभी तक जिले में कोई भी संदिग्ध मामला सामने नही आया है। इसके बावजूद सावधानी बरती जा रही है। सभी वेटरनरी सर्जनों व उपमंडल पशुपालन अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। वेबिनार के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा है। हालांकि बर्ड फ्लू के खतरों के प्रचार से पोल्ट्री उत्पादों के दामों में भी भारी कमी आई है। पहले जहां 100 देसी अंडे 580 रुपये में बिक रहे थे, वहीं अब 530 रुपये में बिक रहे हैं। वहीं जहां एक चूजा 40 से 45 रुपये में बिकता था, अब 25 से 30 रुपये में बिक रहा है। पहले चिकन 190 से 200 रुपये किलो बिक रहा था, अब 140 से 150 रुपये में बिक रहा है। नागरिक अस्पताल के मेडिकल अफसर डॉ. रिषभ गुप्ता का कहना है कि चिकन को अच्छी तरह पकाकर खाने से कोई खतरा नही बनता है। स्वास्थ्य विभाग भी इस मामले में अलर्ट मोड पर है। पूरे जिले में कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।