Narnaul: डिलीवरी के 2 दिन बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों ने वार्ड से डेड बॉडी उठाने से मना कर दिया है। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, पुलिस बार-बार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
विस्तार
मिली जानकारी के अनुसार अटेली खंड के गांव खोड निवासी संजय ने अपनी पत्नी संजू वर्मा (22) की डिलीवरी करवाने के लिए 19 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे नागरिक अस्पताल नारनौल में भर्ती करवाया था। इस दौरान चिकित्सकों ने डिलीवरी ऑपरेशन से होने की बात कही। चिकित्सकों के सुझाव के बाद पति संजय ने ऑपरेशन की हामी भर दी थी।
19 दिसंबर की शाम को संजू वर्मा को ऑपरेशन से लड़का हुआ था लेकिन ऑपरेशन के बाद से ही उसकी दिक्कत बढ़ गई थी। उसके शरीर के अंदर जलन सी हो रही थी। मंगलवार की रात को दिक्कत ज्यादा बढ़ गई थी। इसके बाद वह ड्यूटी पर उपस्थित स्टाफ के पास भागदौड़ करता रहा लेकिन रात को कोई चिकित्सक नहीं था और स्टाफ भी सोया हुआ था।
संजू की गंभीर हालत होने की वजह से वह पूरी रात सो नहीं पाया। बुधवार की सुबह 9:30 बजे संजू वर्मा ने दम तोड़ दिया। नाराज परिजनों में डॉक्टर व स्टाफ के प्रति गहरा रोष है। परिजनों ने वार्ड से डेड बॉडी उठाने के लिए मना कर दिया पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई है।