नारनौल। कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग में अब बड़े ही नहीं, बच्चे भी सरकार का पूरा साथ दे रहे हैं। नारनौल शहर की दो बेटियों ने अपने गुल्लक में जमा पैसे प्रधानमंत्री केयर्स केयर्स फंड में दान कर दिया है। मोती नगर निवासी शिक्षक संजय शर्मा ने बताया कि घर के बच्चे प्रतिवर्ष अपनी जमा राशि को गोशाला व किसी परमार्थ प्रयोजन के लिए दान देते हैं। इस बार मानवता पर आये भयंकर संकट को देखते हुए उन्होंने अपने हेल्प बैंक के 2100 रुपये प्रधानमंत्री केयर्स फंड में दान दिए हैं। बच्चों ने अपनी गुल्लक रेड क्रॉस सचिव मनोरंजन शर्मा एवं जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन शर्मा को सौंपते हुए प्रधानमंत्री केयर फंड में जमा कराने अपील की।
छठी कक्षा की परी व तीसरी कक्षा की आकांक्षा ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री इस संकट की घड़ी में देश के हित के बारे में सोच रहे हैं तो हमारा भी यह फर्ज बनता है कि हम भी इस विषय में कुछ सोचे और सहयोग करें। जो कुछ हमारे पास है, उसमें से थोड़ा बहुत दान देकर हम जरूरतमंदों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। रेड क्रॉस सचिव मनोरंजन शर्मा ने कहा कि छोटे बच्चों का यह प्रयास एक बहुत प्रेरणादायी कदम है। जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन शर्मा ने कहा कि महत्वपूर्ण यह बात नहीं है कि बच्चों कि गुल्लक में कितनी राशि निकली हैं, बल्कि महत्पूर्ण यह है कि बच्चों कि भावना कितनी पवित्र एवं स्नेहमयी है। दोनों ने गुल्लक में जमा 2100 रुपये को प्रधानमंत्री केयर्स फंड में जमा करवा दी। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. एसपी यादव, महेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश मोरवाल, नरोत्तम सोनी, टेकचंद यादव, अजय शर्मा, पुष्पेंद्र यादव एवं अनेक लोग उपस्थित रहेl