नारनौल। हाउसिंग बोर्ड की सम्राट बेकरी वाली गली में दस दिन पहले घरों के सामने सीवर की जगह-जगह खुदाई करके खुला छोड़ दिया गया। इससे आसपास के घरों में न केवल बदबू फैल रही है बल्कि गंदगी से वातावरण भी दूषित हो रहा है। हाउसिंग बोर्ड निवासी अर्पण गौड़, रामनारायण, शिव कुमार, छैलू राम, अनुपम गौड़, विनय, शेरू, प्रमोद, सतीश व प्रहलाद ने बताया कि उनकी गली में करीब एक साल से सीवर की समस्या बनी हुई है। सीवर में ब्लॉकेज होने की वजह से घरों के सामने सीवर ओवरफ्लो रहते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सीएम विंडो में शिकायत लगाई गई थी। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आए थे, मगर वे जगह-जगह सीवरों की खोदाई करके खुले छोड़ कर चले गए। उनका कहना था कि रेवाड़ी से मशीन मंगवाकर सीवर साफ कराए जाएंगे, तभी समाधान होगा। उन्होंने बताया कि इस खुदाई में सीवरों की गंदगी भरी हुई है और उनमें से बदबू आती रहती है। दस दिन से जगह-जगह सीवर खोद दिए गए हैं। इस वजह से कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर सीवर की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।