महेंद्रगढ़। शहर के विकास को लेकर सोमवार को बुलाई गई बजट बैठक स्थगित हो गई। इसमें 15 वार्ड पार्षदों में से महज चार ही बैठक में उपस्थित रहे, जबकि 11 पार्षद नदारद रहे।
नगरपालिका की ओर से पालिका की आय-व्यय का लेखाजोखा करने, विकास कार्याें के लिए बजट निर्धारित करने, नए कराए जाने वाले कार्याें पर मंथन के लिए बैठक बुलाई थी। अब यह बैठक मंगलवार दोपहर 2:30 बजे पुन: बुलाई गई है।
प्रधान व अधिकारी करते रहे पार्षदों का इंतजार : नगरपालिका की ओर से शहर के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर सोमवार को दोपहर दो बजे बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में प्रधान रमेश सैनी, सचिव प्रशांत पराशर, खजांची सुरेंद्र सहित वार्ड नंबर एक से पार्षद प्रतिनिधि के रूप में संजय राठी, वार्ड नंबर तीन से अशोक सैनी, वार्ड 12 से विष्णु व वार्ड नंबर 13 सुरेंद्र फौजी ही इस बैठक में पहुंच पाए। कोरम के अभाव में अधिकारियों की ओर से इस बैठक को स्थगित कर मंगलवार को पुन: बुलाने का निर्णय लिया गया।