महेंद्रगढ़। नारनौल के नसीबपुर में शहीद स्मारक बनवाने की मांग को लेकर क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने सीएम से मुलाकात की। पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए पूर्व शिक्षामंत्री, महेंद्रगढ़ व नारनौल विधायक व स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यह मांग उठाई।
पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के नेतृत्व में दक्षिणी हरियाणा के जन प्रतिनिधियों ने हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर शहीद स्मारक को बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि 1857 में देश की आजादी के लिए अमर शहीद हुए और तुलाराम के नेतृत्व में अंग्रेजों से लड़ाई लड़ते हुए करीब पांच हजार सेनिक नसीबपुर के मैदान में बलिदान हुए थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने शहीद स्मारक का जीर्णोद्वार करके आधुनिक बनाने की घोषणा की थी। अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि शहीद स्मारक का जीर्णोद्वार एवं आधुनिकरण किया जाएगा। नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने शहीद स्मारक को लेकर बुधवार को विधानसभा में मुद्दा उठाया था। माैके पर अटेली की विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव मौजूद रहे।