नारनौल। खाद एवं बीज विक्रेताओं ने अपनी मांग को लेकर सोमवार से सात दिन की हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल हरियाणा सरकार द्वारा लागू सीड्स व पेस्टिसाइड्स एक्ट 2025 के विरोध में शुरू की गई है। खाद एवं बीज विक्रेताओं की इस हड़ताल से किसानों को काफी समस्या होगी और वे खरीफ की फसल के लिए बीज नहीं खरीद पाएंगे।
खाद एवं बीज एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप यादव कनीना ने बताया कि रविवार को कुरुक्षेत्र की सैनी समाज धर्मशाला में राज्य स्तरीय बीज उत्पादक, पेस्टिसाइड्स निर्माता व विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से 5 हजार से अधिक बीज उत्पादकों, पेस्टिसाइड्स निर्माताओं व विक्रेताओं ने भाग लेते हुए सरकार द्वारा बनाए गए इस कानून का विरोध किया और इस नए कानून को वापिस लेने की मांग की। सम्मेलन में अगले 7 दिन तक प्रदेश स्तरीय हड़ताल करने की घोषणा की गई थी। साथ ही सरकार से बातचीत कर इस समस्या का हल निकालने के लिए 23 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया। उन्होंने कहा कि इस कानून में व्यापारियों के खिलाफ असंगत धाराएं लगाई गई हैं, जिससे किसी भी आदमी का इस व्यापार में रहना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी इस मांग पर संज्ञान नहीं लिए जाने के चलते हमने आज से अपनी हड़ताल शुरू की दी है।