पूर्व पैरामिलिट्री वेलफेयर एसोसिएशन का सम्मेलन रविवार को यादव धर्मशाला नारनौल में हुआ। सम्मेलन का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवलाल गैनन ने किया। पूर्व एडीजी एचआर सिंह के नेतृत्व में यह पहला उत्तर भारतीय पैरामिलिट्री सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़ के साथ दिल्ली के भी पूर्व अर्धसैनिक बलों ने भाग लिया। इस मौके पर पुरानी पेंशन बहाली, वन रैंक वन पेंशन व अन्य मांगों पर विचार-विर्मश किया गया।
गैनन ने भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह के नारनौल में सीजीएचएस डिस्पेंसरी खोलने के लिए संसद में आवाज उठाने पर आभार जताया। गैनन ने हरियाणा सरकार से अलग से अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की। जयेंद्र सिंह राणा अध्यक्ष मध्यप्रदेश ने सरकार से 20 लाख पैरामिलिट्री परिवारों के लिए जिला स्तर पर पैरामिलिट्री स्कूल, हेल्प डेस्क, अर्ध सेना झंडा दिवस कोष, सीजीएचएस डिस्पेंसरियों की स्थापना करने की मांग की। महासचिव रणबीर सिंह ने कहा कि पूर्व अर्धसैनिकों द्वारा 3 सितंबर को राष्ट्रपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था। लेकिन इस विषय पर सरकार की तरफ से अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। पूर्व एडीजी एचआर सिंह ने सम्मले में आए अलग-अलग राज्यों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे 14 फरवरी को राजघाट दिल्ली में होने वाले एक्स पैरामिलिट्री के शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन में भागीदारी करें। उन्होंने केंद्र सरकार को चेताया कि आने वाले 5 राज्यों व 2022 में होने वाले आम चुनावों में 20 लाख पैरामिलिट्री परिवार एक निर्णायक भूमिका निभाएंगे।