महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में संचार अनुसंधान के लिए सांख्यिकीय परीक्षण और विश्लेषण पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को संचार अनुसंधान की समझ विकसित करना था। इस दौरान मीडिया शोध में सांख्यिकीय उपकरणों एवं विधियों का प्रयोग प्रभावी तरीके से अवगत कराया गया। कार्यशाला में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. हरदीप जोशी विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे।
प्रो. हरदीप जोशी ने संचार अनुसंधान में सांख्यिकीय परीक्षणों की भूमिका पर कहा कि विद्यार्थियों और शोधार्थियों को निष्पक्षता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए डेटा का विश्लेषण करते समय वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता होती है। मीडिया शोध अध्ययन में सार्थक निष्कर्ष निकालने के लिए सांख्यिकीय उपकरणों को समझना आवश्यक है। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि मीडिया अध्ययन एवं शोध के क्षेत्र में अच्छे शोधार्थी तैयार करने के लिए जरूरी है कि शोधार्थी अधिक से अधिक वैज्ञानिक विधियों व सांख्यिकीय उपकरणों एवं विधियों का अधिक से अधिक प्रयोग करें। इस मौके पर पर विभाग के शिक्षक डाॅ. पंकज कुमार, डाॅ. सुरेंद्र, डाॅ. नीरज करण सिंह, डाॅ. आलेख एस नायक, डाॅ. भारती बत्रा मौजूद रहे।