नारनौल। बासोड़ा के अवसर पर माता मसानी मंदिर में बुधवार को आयोजित बुद्धो माता का पारंपरिक मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मेले को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रातः पांच बजे से ही मंदिर के बाहर भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं।
मेले में विशेष रूप से महिलाओं और छोटे बच्चों की बड़ी संख्या देखने को मिली जिन्होंने माता को धोक लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बासोड़ा पर्व की परंपरा के अनुसार लोगों ने मंगलवार शाम को ही घरों में भोजन तैयार कर लिया था।
सुबह उस भोजन का भोग बुद्धो माता को अर्पित किया गया। घर-घर में राबड़ी, पूरी और गुलगुले बनाए गए, जिन्हें माता को अर्पित करने के बाद परिवारजनों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। समिति के प्रधान धीरज यादव, सचिव यशपाल यादव, किशनलाल गौड़ व मंदिर के पुजारी सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया। संवाद