महेंद्रगढ़: संदिग्ध अवस्था में चौबारे में मिले महिला व पुरुष के शव, मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट
पुलिस का कहना है कि शहर के मोहल्ला लालावाला कुआं के एक मकान में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर गहनता से जांच की गई। मृतक नरेश कुमार की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महेंद्रगढ़ शहर के मोहल्ला लाला वाला कुआं स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 40 वर्षीय व्यक्ति व 35 वर्षीय महिला का शव मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। सुसाइड नोट में मृतक ने मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया है।
मकान के चौबारे में दो शव पड़े होने की सूचना के बाद मौके एएसपी सिद्धांत जैन व शहर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार टीम सहित पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। पुलिस द्वारा आसपास के मकानों से सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई है। पुलिस ने मृतका के पति की लिखित शिकायत पर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए।
यह दी मृतका के पति ने शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में शहर के चामधेड़ा रोड स्थित मंचमुखी हनुमान मंदिर निवासी मुकेश ने बताया कि वह मेले में खिलौने बेचने का कार्य करता है। सोमवार को वह रात्रि दस बजे घर पहुंचा तो उसे उसके लड़के ने खाना खिला दिया और वह सो गया। उसने अपनी पत्नी कमलेश उर्फ सपना के बारे में पूछा तो बच्चों ने बताया कि वह पड़ोस में गई हुई है।
वह मंगलवार को अपने काम पर चला गया। दिन में करीब 11 बजे उसकी बेटी अनिता ने बताया कि जल्दी घर आ जाओ। मुझे किसी ने बताया है कि मेरी मम्मी अब नहीं रही। उसके उपरांत वह अपने घर पहुंचा और उसके बाद मोहल्ला लाला वाला कुआं निवासी नरेश कुमार के पुराने मकान के चौबारे पर पहुंचा।
जहां उसकी कमलेश उर्फ सपना और नरेश कुमार चौबारे के अंदर मृत पड़े हुए थे और कमरे के अंदर एक अंगीठी में कोयला की राख पड़ी हुई थी और कमरे की खिड़की बंद थी। उसकी पत्नी कमलेश का नरेश कुमार के साथ काफी समय से आना जाना था। पुलिस ने कमलेश उर्फ सपना के पति मुकेश के बयान पर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
शहर के मोहल्ला लालावाला कुआं के एक मकान में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर गहनता से जांच की गई। मृतक नरेश कुमार की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में मृतक ने महिला से अच्छी मित्रता बताई है तथा अपनी मौत का किसी पर भी आरोप नहीं लगाया है। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच कर सभी प्रकार के साक्ष्य जुटाए गए हैं। -अश्वनी कुमार, शहर थाना प्रभारी।