{"_id":"649c345c20bbea72cc0549e5","slug":"two-caught-while-checking-fetus-gender-rohtak-narnaul-rajasthan-health-department-team-raided-in-rajasthan-2023-06-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"भ्रूण लिंग जांच करते दो पकडे़: रोहतक, नारनौल और राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजस्थान में की रेड","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
भ्रूण लिंग जांच करते दो पकडे़: रोहतक, नारनौल और राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजस्थान में की रेड
Wed, 28 Jun 2023 06:53 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, नारनौल (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, नारनौल (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 28 Jun 2023 06:53 PM IST
सार
रोहतक, नारनौल और राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजस्थान के डूमोली खुर्द में भ्रूण लिंग जांच करते दो पकडे़ हैं, एक फरार हो गया। खेतों में बनी दूध डेयरी में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड से चेक कर रहे थे। एक से 45 हजार और दूसरे से 50 हजार रुपये लिए थे।
विज्ञापन
दो को पकड़ा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
नारनौल, रोहतक और राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने राजस्थान के सिंघाना थाने के डूमोली खुर्द में भ्रूण लिंग जांच करते हुए दो लोगों को पकड़ा है। आरोपी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच कर भ्रूण की पहचान बता रहे थे। भ्रूण लिंग जांच का यह सारा खेल डूमोली खुर्द के खेतों में बनी दूध डेयरी में किया जा रहा था।
विज्ञापन
आरोपियों ने दो अलग-अलग महिलाओं को खेतों में ले जाकर पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिये जांच की और एक महिला को लड़की व एक अन्य महिला को लड़का होने के बारे में बताया। जिन महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया, उसमें रोहतक टीम के साथ आई डिकोय के अलावा रेवाड़ी के एक गांव की महिला थी। स्वास्थ्य विभाग ने सिंघाणा थाने में पकडे़ गए आरोपियों केखिलाफ केस दर्ज करवा दिया है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग नारनौल के डिप्टी सीएमओ डॉ. हर्ष चौहान व रोहतक पीसीपीएनडीटी टीम के नोडल अधिकारी विकास सैनी ने बताया कि पिछले कई दिनों से रोहतक की गर्भवती महिलाओं का नारनौल क्षेत्र में ले जाकर अल्ट्रासाउंड द्वारा भ्रूण लिंग जांच करने की सूचनाएं मिल रही थी। इस पर रोहतक स्वास्थ्य विभाग व नारनौल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश देने का फैसला लिया।
विज्ञापन
इस दौरान साढे़ चार माह की गर्भवती महिला को कार्रवाई के लिए डिकोय (डमी ग्राहक) बनाया गया। इसके बाद लिंग परीक्षण करवाने वाले एजेंट संतलाल के साथ सौदा तय किया। इस दौरान एजेंट अलवर निवासी संतलाल ने 50 हजार रुपये की डिमांड की और बुधवार को सुबह 4 बजे नारनौल-रेवाड़ी रोड पर अलवर के काठुवास टोल के पास पहुंचने के लिए कहा।
पीसीपीएनडीटी टीम को सूचना सही साबित होने पर नकली ग्राहक महिला को 50 हजार रुपये देखकर एजेंट के पास भेजा और अलग अलग गाड़ियों में सवार होकर एजेंट के अनुसार बताए स्थान पर पहुंच गए। इस दौरान एजेंट एक सफेद कलर की बोलेरो लेकर वहां पहुंचा और महिला को गाड़ी में बैठा कर नारनौल के महावीर चौक स्थित सन प्लाजा पर आने के लिए कहा।
इस दौरान नारनौल की टीम से संपर्क कर कार्रवाई को अंजाम देने की तैयारी की गई तो कुछ ही देर में एजेंट महिला को लेकर नारनौल से सिंघाना रोड पर चल पड़ा, जिसकी पीसीपीएनडीटी टीम लगातार पीछा कर रही थी।
इस दौरान एजेंट गाड़ी में पहले से ही एक अन्य महिला को बैठा रखा था, जो भ्रूण लिंग जांच करवाने के लिए एजेंट के साथ आई हुई थी। एजेंट ने अपनी गाड़ी से उनको लेकर राजस्थान की सिंघाना क्षेत्र में प्रवेश किया और डूमौली खुर्द में एक दूध की डेरी पर पहुंचा।
इस दौरान डूमोली खुर्द के खेतों में बनी उदय सिंह की दूध डेरी पर एक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर पीठ पर थैला लटका कर एक व्यक्ति अल्ट्रासाउंड की मशीन लेकर आया और कमरे में ले जाकर महिला की पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच कर लड़का होना बताया।
इसके बाद एजेंट द्वारा अपने साथ लाई गई दूसरी महिला की जांच कर उसे लड़का होना बताया। कुछ ही देर में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर छापा मारा तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया जबकि संतलाल नामक व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पकडे़ गए आरोपियों खेतड़ी निवासी अवधेश पांडे और खेत मालिक उदय सिंह को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।