राता माइनर टूटने से चार एकड़ फसल में पानी भर गया। किसानों ने नुकसान होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से मुआवजा की मांग की है। बुधवार रात को माइनर ओवरफ्लो होकर टूट गई। वहीं, नहर विभाग के लोगों का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने राता नहर के हेड का लॉक तोड़कर गेट पूरा खोल दिया। सुबह छह बजे कर्मचारी नहर में पानी चलाने आया तो पता चला कि हेड का लॉक टूटा हुआ है। माइनर ओवरफ्लो होकर टूट गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब माइनर से जोहड़ तक पाइप लाइन दबाने का टेंडर हो रहा है तो इसे क्यों नहीं दबाया जा रहा। जोहड़ में पानी नहीं पहुंच रहा और नहर का पानी की निकासी न होने से बार-बार टूट जाती है। किसान कुलदीप, सुभाष, विनोद, नरेश कुमार, मुकेश कुमार व शेर सिंह ने बताया कि बार-बार जोहड़ में पाइप लाइन बिछाने की मांग सिंचाई विभाग से की जा रही है, लेकिन पाइप लाइन नहीं बिछाई जा रही है।