पुलिस की सीआईए टीम ने अवैध हथियारों के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गैंग सरगना अशोक उर्फ देवा उर्फ पिंटू, रमेश उर्फ रम्मी, हनुमान उर्फ गब्बर और कृष्ण के तौर पर हुई है। ये सभी आरोपी नांगल चौधरी के लुजोता गांव के हैं। पुलिस ने इनसे 4 देसी तमंचे एक पिस्टल व 6 कारतूस बरामद किए हैं।
मंगलवार को पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की सीआईए टीम ने सोमवार को देवा गैंग के सरगना अशोक उर्फ देवा उर्फ पिंटू को निजामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जिसके पास से एक पिस्टल बरामद हुआ है। इसके अलावा उसकी निशानदेही पर अन्य बदमाशों रमेश उर्फ रम्मी, हनुमान उर्फ गब्बर और कृष्ण को भी कालबा बस स्टैंड पर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 4 देसी तमंचे व छह कारतूस बरामद किए गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत 12 नवंबर को नांगल चौधरी के लुजोता मोड़ पर पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस की नाकाबंदी देख बोलेरो सवार बदमाश अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। बोलेरो की तलाशी लेने पर पुलिस को 3 कारतूस के साथ एक मैगजीन बरामद हुई थी। सीआईए ने मौके से गाड़ी को जब्त कर लिया और नांगल चौधरी थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से कार्रवाई करते हुए पुलिस बदमाशों के इस गिरोह तक पहुंची और दो दिन तक चले अभियान के दौरान चार बदमाशों को पकड़ने में सफल हुई। पुलिस ने बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद किए। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने गिरोह के सरगना देवा को दो दिन की रिमांड पर लिया जबकि तीन अन्य बदमाशों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।