हरियाणा में पंचायत उपचुनाव: अंबाला व रोहतक में मतदान जारी, जींद के अलेवा में 12 बजे तक 14 प्रतिशत हुई वोटिंग
अंबाला में चार ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर उपचुनाव करवाया जा रहा है। इनमें खंड अंबाला प्रथम की ग्राम पंचायत काठगढ़, खंड बराड़ा की ग्राम पंचायत सज्जन माजरी, खंड नारायणगढ़ की ग्राम पंचायत आजमपुर और खंड शहजादपुर की ग्राम पंचायत नसडौली शामिल है।
विस्तार
कनीना उप मंडल के गांव गुढ़ा में वार्ड नंबर एक से पंच की मौत हो जाने के कारण उप चुनाव सुबह 8 से शुरू हो गया। मॉक पोल के बाद 8:00 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। पहले आधे घंटे में 35 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। मृतक पंच नीरज के भाई राहुल भी मैदान में हैं। सरपंच वीरेन्द्र दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव अधिकारी सांवरमल के निर्देशन में राजकीय हाई स्कूल गुढ़ा में 65 नंबर बूथ पर चुनाव हो रहे हैं।
जिस पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मी उपस्थित है। गुढ़ा ग्राम पंचायत में वार्ड नंबर एक से पंच नीरज की 18 सितंबर 2023 को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। वार्ड नंबर एक के लिए तीन प्रत्याशियों बिजेंद्र, रमेश, राहुल मैदान में हैं। वार्ड नंबर एक में वर्तमान में 245 मत है। जबकि नवंबर 2022 में हुए चुनाव में वार्ड नंबर 1 में पंच पद के लिए 239 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया था।
वहीं, दूसरी तरफ राज्य निर्वाचन आयोग हरियाणा के द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए जिलाधीश डॉ विवेक भारती ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत सुबह 8 से सांय 6 बजे तक मतदान के दौरान 500 मीटर की परिधी में पांच व्यक्तियों या इससे अधिक व्यक्ति एकत्रित होने पर पाबंदी लगाई हुई है।
बादली में तीन गांवों में सरपंच पद के लिए मतदान
झज्जर के बादली क्षेत्र के तीन गांवों में बादली, पाहसोर और एमपी माजरा में रविवार सुबह 8 बजे से पंचायती आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होते ही बूथों के बाहर वोटरों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 9 बजे शुरू हुई बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सीपी मयंक मिश्रा और निर्वाचन अधिकारी सतीश यादव ने मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह 10 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। इस चुनाव में तीन गांवों के सरपंच पद और 17 पंचों के लिए मतदान हो रहा है।
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मूलभूत व्यवस्थाएं की हैं, लेकिन व्हीलचेयर की कमी के कारण कुछ बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दादरी के हंसावास खुर्द और डालावास में सरपंच व पंच चुनने के लिए शांतिपूर्वक चल रहा मतदान
चरखी दादरी जिले की दो ग्राम पंचायतों में पंचायत उप चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है। हंसावास खुर्द और डालावास में सरंपच चुनने के लिए मतदान हो रहा है। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा बंदोबस्त कड़े हैं। सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चलेगी।
इसके एक घंटे बाद शाम करीब 6 बजे चुनाव परिणाम जारी होगा। हंसावास खुर्द में सरपंच के साथ दो पंच पदों पर मतदान होगा जबकि डालावास में केवल सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है और यहां केवल एक मतदान बूथ है। शनिवार शाम ही पोलिंग पार्टियां मतदान कराने के लिए डालावास के एक और हंसावास खुर्द के दो बूथों पर पहुंच गई थी।
अंबाला में पंचायत उप चुनाव, मतदाताओं में मतदान को लेकर दिखा रुझान
चार ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर उपचुनाव करवाया जा रहा है। इनमें खंड अंबाला प्रथम की ग्राम पंचायत काठगढ़, खंड बराड़ा की ग्राम पंचायत सज्जन माजरी, खंड नारायणगढ़ की ग्राम पंचायत आजमपुर और खंड शहजादपुर की ग्राम पंचायत नसडौली शामिल है। सुबह 8 बजे मॉक पोल के बाद चुनाव शुरू करवाया गया। नसड़ौली में मतदान केंद्र पर डीएसपी रमेश कुमार निरीक्षण के लिए पहुंचे। मतदान शाम 6 बजे तक करवाया जाएगा।
मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी रुझान देखने को मिल रहा है। दिव्यांग मतदाता भी उत्साह के साथ मतदान करते दिखे। सुबह 8 से 10 बजे तक मतदाताओं ने लाइन लगकर भी मतदान किया। वहीं, दोपहर 12 बजे तक बाद रफ्तार धीमी हो गई। काठगढ़ गांव में कुल 314 वोट में से सुबह 10 बजे तक 185 वोट डल चुके थे। नसड़ौली में कुल 663 वोट हैं। यह सुबह 11 बजे तक 30 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसी तरह आजमपुर व सज्जन माजरी में वोटिंग हो रही थी। मतदान को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
सर्वसम्मति से एक सरपंच व 22 पंच निर्विरोध चुने गए
बीती 2 जून तक खंड अंबाला प्रथम में 2 पंच पद, खंड अंबाला द्वितीय में 2 पंच पद, खंड बराड़ा में 3 पंच पद, खंड नारायणगढ़ में एक सरपंच व 6 पंच पद, खंड साहा में 2 पंच पद व खंड शहजादपुर में 7 पंच पद पर कुल एक सरपंच व 22 पंच निर्विरोध निर्वाचित किए गए। वहीं, नामांकन वापस लेने, रद्द होने, कोई नामांकन प्राप्त न होने के कारण खंड अंबाला प्रथम में 4 पंच, खंड अंबाला द्वितीय में एक पंच पद, खंड नारायणगढ़ में 7 पंच, खंड साहा में एक पंच पद, खंड शहजादपुर में पंच पद के कुल 14 पंच पद रिक्त रह गए हैं। इस प्रकार कुल 36 पंच में से 22 पंच सर्वसम्मति से चुने गए।
अलेवा खंड के थुआ और खेडी बुल्ला में सरपंच उपचुनाव, शांतिपूर्ण चल रही वोटिंग
जींद जिले के अलेवा खंड के थुआ और खेडी बुल्ला गांवों में सरपंच पद के लिए उपचुनाव के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुबह से शुरू हुई वोटिंग में अब तक 14% मतदान हो चुका है। थुआ गांव में 5,560 और खेडी बुल्ला में 764 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।
थुआ गांव में सरपंच पद के लिए सात उम्मीदवार और खेडी बुल्ला में चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। भीषण गर्मी के बावजूद उम्मीदवार और उनके कार्यकर्ता बुजुर्ग, बीमार, और दिव्यांग मतदाताओं को बूथ तक लाकर मतदान करवाने में जुटे हैं। कार्यकर्ता एक-एक वोटर को प्रेरित कर बूथ तक पहुंचा रहे हैं।
पुलिस ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण रखने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है, और अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।