महेंद्रगढ़ में 10 कबूतर तो जींद में 10 कौवे मृत मिले, पशुपालन विभाग सतर्क, जालंधर भेजे गए सैंपल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी में 10 से अधिक कबूतरों की मौत के बाद पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की टीम ने शनिवार को मौके पर जाकर सैंपल लेगी। सैंपलों को जांच के लिए जालंधर भेजा जाएगा। मुर्गियों के 96 सैंपल भी लिए गए हैं। इन सैंपल को भी जालंधर स्थित लैब भेजा जाएगा। जिले में आठ रैपिड रिएक्शन टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को शनिवार से पंचकूला में विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
बर्ड फ्लू को लेकर प्रदेशभर में अलर्ट जारी किया गया है। पशुपालन विभाग ने इसके लिए आरआरटी (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) गठित कर दी हैं। जिलेभर में मॉनिटरिंग और सैंपलिंग के लिए आठ आरआरटी का गठन किया गया है। हर एक टीम में चार सदस्य रहेंगे। इन टीमों को शनिवार से पंचकूला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद यह टीमें अपने क्षेत्र में तैनात होंगी। इन सभी टीमों को सहायक उपकरण और पीपीई किट उपलब्ध कराई जाएंगे।
पशुपालन विभाग को अभी क्षेत्र में बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं। एहतियात के तौर पर यह सैंपल लिए गए हैं। शुक्रवार को नांगल चौधरी में क्षेत्र में कुछ कबूतरों के मृत मिलने की शिकायत पशुपालन विभाग के पास पहुंची है।
मीडियम और स्मॉल पॉल्ट्री फार्म
महेंद्रगढ़ जिले में बड़े पॉल्ट्री फार्म नहीं हैं। यहां पर मीडियम या स्माल स्केल के पॉल्ट्री फार्म हैं। जिसमें औसतन एक हजार से 25 हजार तक बर्ड हैं। जिले में कनीना क्षेत्र में ही सबसे अधिक संख्या में पॉल्ट्री फार्म हैं। जिलेभर में कुल 200 पॉल्ट्री फार्म हैं। सभी पॉल्ट्री फार्म संचालकों को एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। पक्षियों की मौत होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
मुर्गियों के 96 सैंपल लिए गए हैं। यह हमारी हर महीने की प्रक्रिया का हिस्सा है। जिसमें 17 बीमारियों की टेस्टिंग होती है। बर्ड फ्लू के अलावा 16 अन्य बीमारियों की जांच के लिए यह सैंपल लैब भेजे जाते हैं। जालंधर लैब में इन सैंपल का टेस्ट होगा। कबूतर मृत मिलने की शिकायत आई है। शनिवार को टीम मौके पर जाकर सैंपल लेगी। डॉ. नसीब सिंह, उप निदेशक, पशुपालन विभाग, महेंद्रगढ़।
जींद में दस कौवों की मौत
उधर, जींद में पशुपालन विभाग चौकस हो गया है। वहीं नरवाना उपमंडल के कलौदा गांव में 10 कौवों की संदिग्ध हालात में मौत ने पशुपालन विभाग को सकते में डाल दिया है। हालांकि पशुपालन विभाग फिलहाल कीटनाशक या ठंड लगने से कौवों की मौत बता रहा है। लेकिन जांच के लिए सैंपल जालंधर स्थित लैब भेज दिए हैं। दूसरी ओर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पशुपालन विभाग ने 48 तीव्र कार्रवाई दल गठित कर दिए हैं। इसके लिए 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। हालांकि पशुपालन विभाग आश्वसत है कि अभी तक जींद जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं है।
दरअसल, गुरुवार को कलौदा गांव के खेतों में 10 कौवे मरे मिले थे। इस पर पशुपालन विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए। इसके बाद कौवों के शवों को चूना डालकर सुरक्षित तरीके से दफना दिया। पशुपालन विभाग के उप पशुपालन निदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा के अनुसार फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं आया है। किसान किसी भी स्थित में 01681-245229 नंबर पर सूचना दे सकते हैं।