बार एसोसिएशन महेंद्रगढ़ के अधिवक्ताओं ने रोहतक बार के अधिवक्ताओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए अनुचित व्यवहार को लेकर आवश्यक बैठक कर दिनभर वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया।
वक्ताओं ने कहा कि बार एसोसिएशन रोहतक के अधिवक्ताओं के साथ पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार उचित नहीं है। पुलिस दुर्व्यवहार एवं मारपीट के विरोध में बार एसोसिएशन रोहतक के आह्वान पर मंगलवार को अधिवक्ताओं ने कार्य स्थगन रखने का निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता चुनाव अधिकारी सतीश कुमार यादव एडवोकेट ने की।
बार एसोसिएशन के निवर्तमान प्रधान अजीत यादव ने कहा कि अधिवक्ता जब पुलिस थाने में दर्ज एक मामले की कॉपी लेने गए तो उनके साथ पुलिस द्वारा मारपीट व गलत व्यवहार किया गया। इसे अधिवक्ता सहन नहीं करेंगे। महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन रोहतक बार के अधिवक्ताओं के साथ संघर्ष को तैयार है। बैठक में अधिवक्ता सतीश, राजवीर, वेदप्रकाश, बिरेंद्र खायरा, बाबूलाल यादव, प्रेमराज शर्मा, शर्मिला, सीमा, मदन सिंह शेखावत, करणी सिंह राठौड़, सुरेंद्र दहिया, राजेंद्र शेखावत, अशोक कुमार, विनीत पाल, संजय तंवर, प्रदीप सहित अनेक अधिवक्ताओं ने काम छोड़ हड़ताल में भाग लिया।