फाइनेंस कंपनी द्वारा की गई ठगी के मामले में गांव सीहोर की 15 महिलाएं भी ठगी गई। कंपनी ने उक्त महिलाओं को भी 60 हजार का लोन देने का लालच दिया था। इन महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। वहीं कुछ महिलाओं ने महेंद्रगढ़ थाने में भी शिकायत दी है। उक्त आरोपी लगभग 115 महिलाओं से करीब सवा चार लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
माइक्रो फाइनेंस कंपनी घोटाले मामले में अमर उजाला समाचार पत्र में समाचार प्रकाशित होने के बाद क्षेत्र के गांव सीहोर की महिलाएं कनीना थाना पहुंचीं। गांव सीहोर निवासी सविता देवी, गीता, शारदा, रितु, विमला, पूनम, छोटा देवी, संतोष, नविता, संतोष, सुधा, ज्योति, ममता, दीपिका और कमला ने बताया कि महेंद्रगढ़ से दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने 60 हजार रुपये का लोन प्रत्येक महिला को दिए जाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कंपनी में लगभग ढाई हजार रुपये जमा कराने पड़ेेंगे। 2470 रुपये की प्रत्येक महिला की पर्ची एक निजी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम से काट कर थमा दी गई और रुपये नकद ले लिए। इसके बाद महिलाएं महेंद्रगढ़ कार्यालय में पहुंची तो कार्यालय पर ताला लगा हुआ मिला। उन्होंने दोनों आरोपियों को फोन लगाया तो उनका फोन बंद आ रहा था। वहीं गांव पाथेड़ा की महिला बीना ने भी महेंद्रगढ़ पुलिस थाने में उक्त कंपनी संचालक के खिलाफ शिकायत दी है।