महेंद्रगढ़। बाइक की नंबर प्लेट पर नंबर लिखने की बजाए जय महाकाल लिखने वाले बाइक चालक का मंगलवार को पुलिस ने चालान कर दिया। बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों का भी चालान किया गया। ट्रैफिक पुलिस एसएचओ ने महेंद्रगढ़ शहर में 25 वाहनों के चालान किए। इसके अलावा 12 वाहन जब्त किए। बिना नंबर वाली सात बाइक को जब्त किया।
एसएचओ वीना राणा ने मंगलवार को महेंद्रगढ़ शहर में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। शहर में बिना नंबर वाली बाइक मुख्य रूप से निशाने पर लिए। कुछ वाहन चालकों ने बाइक की नंबर प्लेट पर अपना सरनेम लिखा हुआ था। कुछ वाहन चालकों ने बाइक की नंबर प्लेट पर जय महाकाल जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट ही गायब थी। ऐसी सात बाइक को जब्त किया गया। काले फिल्म लगाकर चलने वाली दो गाड़ियों को भी जब्त किया गया। बिना हेलमेट चलने वाले, सीट बेल्ट न लगाने वाले, तीन सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों के भी चालान किए गए। इसके अलावा नो पार्किंग एरिया में मिली एक ऑल्टो कार को जब्त किया। कुछ वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि वाहन चालक नियमों के अनुसार ही चलाएं। हर सप्ताह महेंद्रगढ़ शहर में जांच अभियान चलाया जाएगा। बाजार से लेकर शहर की मुख्य सड़कों, हाइवे पर नाका लगाकर वाहनों के चालान होंगे।