कुरुक्षेत्र। आलमपुर गांव स्थित एक राइस मिल में गेहूं के स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता दिखाई देने लगा है। भाकियू शहीद भगत सिंह ने सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। मंगलवार को मामले को लेकर यूनियन पदाधिकारियों ने बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा बनाई। संजीव आलमपुर, दिलबाग सिंह बारवा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकारों से भी चर्चा की, जिसमें बताया कि करीब 10 दिन पहले उक्त मामले को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास पर उनके प्रतिनिधि कैलाश सैनी को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि जिला उपायुक्त की ओर से बनाई गई कमेटी की जांच भी आगे नहीं बढ़ पाई।
उन्होंने आरोप लगाए कि कमेटी आज तक मिल में लगे गेहूं के स्टॉक तक भी नहीं पहुंची। ऐसे में अब आंदोलन चलाना मजबूरी होगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बीआर चौक पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का आंखों पर काली पट्टी बंधा पुतला जलाया जाएगा, इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उनके आवास को घेरने का काम किया जाएगा। यहां तक कि अनशन करने से भी यूनियन पीछे नहीं हटेगी। इसके लिए गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क किया जाएगा।