Haryana: विजिंलेस ब्यूरो की भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ एसएचओ
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने एसएचओ को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने देर शाम वीरवार को थाना शहर थानेसर के प्रभारी पीएसआई विनय कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
विजिलेंस निरीक्षक राकेश कुमार के अनुसार पंचकूला स्थित टोल-फ्री नंबर पर शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने सूचना दी कि थाना प्रभारी उनके रिश्तेदारों को सिविल मामले में अदालत से नोटिस जारी होने के बाद गिरफ्तारी की धमकी दे रहे हैं। इसके एवज में उसने पांच लाख रुपये की मांग की, जिसमें से तीन लाख रुपये पहले ही ले चुका है। शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम ने जिला विजिलेंस टीम को अलर्ट किया। टीम ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर योजना बनाई।
शिकायकर्ता अनिल ने टीम को बताया कि आरोपी थाना प्रभारी सिल्वर सिटी के रहने वाले उनके रिश्तेदार सागर से रिश्वत की मांग कर रहा था। सागर के विदेश में होने के चलते आरोपी थाना प्रभारी ने उसे कहा कि वह उसकी जगह उनके परिवार वालों को मामले में फंसाकर गिरफ्तार कर लेगा।
इसके बाद टीम ने शिकायतकर्ता को रंगे हुए 50 हजार रुपये के नोट दिए और थाना प्रभारी के निर्देशानुसार सर्किट हाउस के पास भेजा। आरोपी थाना प्रभारी अपनी सरकारी गाड़ी में पहुंचा और शिकायतकर्ता से रुपये लेकर अपनी जेब में रख लिए। विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी में उसकी पेंट की दाहिनी जेब से रंगे नोट बरामद हुए। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया, जहां मामला दर्ज किया गया।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक और प्रवक्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन नहीं उठाया। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि जांच में आरोपी की अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी।
सागर व पार्टनर के बीच चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि सिल्वर सिटी के रहने वाले सागर व उसके पार्टनर की लाडवा में बैटरी फैक्ट्री थी, जिसमें पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मामला अदालत में पहुंचा तो सागर को पेश होने के सम्मन जारी हुए थे। सागर फिलहाल विदेश में हैं लेकिन थाना प्रभारी ने इसी मामले में रिश्वत की मांग की थी।