शाहाबाद। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऑपरेशन मैदान-2 तेज कर दिया है। मंगलवार शाम को पुलिस ने शाहाबाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी से 40 ग्राम गांजा तथा दूसरे से 55 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार और डीएसपी शाहाबाद सिद्धार्थ के नेतृत्व में थाना शाहबाद प्रभारी निरीक्षक जगदीश टामक, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सतविंद्र सिंह समेत स्वाॅट टीम, डॉग स्क्वायड, कमांडो और दुर्गा शक्ति टीम ने डेहा कालोनी, माजरी मोहल्ला, सत्यानगर, बरांडा रोड और गोपी विहार इलाकों में संदिग्ध नशा तस्करों के घरों की सघन तलाशी ली। पुलिस ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपना काला धंधा छोड़ दें, नहीं तो सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि आसपास किसी भी नशा तस्करी या बिक्री की जानकारी तुरंत मोबाइल नंबर 74969-85326 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।