छूट के बाद पुलिस के पहरे में बिके दोपहिया वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुप्रीम कोर्ट द्वारा देशभर में प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए बीएस-3 वाहनों की बिक्री और पंजीकरण पर रोक लगाने फैसले के बाद जहां ऑटोमोबाइल कंपनियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इन कंपनियों ने अपने इन वाहनों पर भारी छूट की घोषणा कर दी। जिसकी सूचना मिलते ही ग्राहक वाहन खरीदने के लिए उमड़ पड़े। लोगों की भीड़ को देखकर पुलिस बुलानी पड़ी। विशेष रूप से दो पहिया वाहनों को खरीदने के लिए ग्राहक सुबह ही शोरूम पर पहुंच गए और देखते ही देखते शोरूम खुलते ही भारी भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। इन लोगों में वाहन खरीदने की इस कदर होड़ लगी कि अधिकतर शोरूम का स्टॉक दोपहर तक ही खत्म हो गया तो वहीं वाहन खरीदने से वंचित लोग जोड़ तोड़ लगाते रहे तो सैकड़ों लोगों को बिना वाहन के ही मायूसी के साथ लौटना पड़ा।
छूट का फायदा उठाने के लिए कोई उच्च अधिकारी का फोन करवाता रहा तो कोई रिश्तेदारी ढूंढने लगा, लेकिन स्टॉक न रहने पर यह प्रयास भी अधिकतर लोगों के काम न आ सके। हालात यह रहे कि दोपहर बाद कई शो रूप में ग्राहकों की भीड़ बेकाबू हो गई और कई जगहों पर पुलिस को ही मोर्चा संभालना पड़ा। वाहन खरीद चुके लोग जहां देर रात तक कागजात आदि पूरे करवाने में जुटे रहे तो वहीं वंचित रहे लोग नए वाहन आने की देर रात तक बाट जोहते रहे। अब शुक्रवार पर टिक गई है, जिनका कहना है कि इस दिन नया स्टॉक आएगा तो सुबह जाते ही वाहन खरीद कर लेंगे। कभी एक-एक ग्राहक की बेसब्री से इंतजार करने वाले एजेंसी संचालकों के वीरवार को ग्राहकों की भारी भीड़ के चलते हाथ-पांव फूले रहे।
छह हजार से 20 हजार रुपये तक का डिस्काउंट
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों ने अपने पुराने स्टॉक को निकालने के लिए हर वाहन पर करीब साढ़े छह हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक का डिस्काउंट जारी कर दिया और सुबह ही सभी एजेंसी व शोरूम पर कंपनियों की ओर से इस बारे में निर्देश भी जारी कर दिए गए। जिसके चलते ग्राहकों ने भरपूर फायदा उठाया। बता दें कि 31 मार्च के बाद न तो यह वाहन खरीदे व बेचे जा सकते और न हीं इनका पंजीकरण हो सकेगा।
लग गए नो स्टॉक के नोटिस
वाहनों के रेटों में भारी डिस्काउंट दिए जाने पर जहां दोपहर तक ही स्टॉक शोरूम व एजेंसियों पर खत्म हो गया वहीं बेकाबू ग्राहकों की भीड़ से बचने के लिए अनेक एजेंसियों ने मुख्य द्वारों पर नो स्टॉक के नोटिस चस्पा दिए। वहीं एजेंसियों में अंदर खड़े वाहनों पर सोल्ड के पर्चे चस्पाए गए, जिसके बावजूद ग्राहकों को संतुष्टि नहीं मिली और वे अपने-अपने प्रयासों के चलते वाहन खरीदने का प्रयास करते रहे।
भीड़ बेकाबू हुई तो बुलाई पुलिस : संजीव
नए बस अड्डे के समीप दोपहिया वाहन एजेंसी संचालक संजीव सिंगला का कहना है कि यहां वाहन लेने वाले ग्राहकों की भीड़ बेकाबू हो गई। हालात वाहन लूटने जैसे हो गए तो उन्हें पुलिस को बुलाना पड़ा। जिसके बाद ही स्थिति कुछ शांत हुई।
बिलिंग का सारा कार्य आज ही पूरा करना पड़ेगा: अनिल शर्मा
कुरुक्षेत्र की बजाज ऑटोमोबाइल के मालिक अनिल शर्मा ने बताया कि देशभर में प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने बीएस-3 वाहनों पर रोक लगने का फैसला लिया है। बीएस-3 यानी की भारत स्टेज-3 के जो वाहन है उनका पंजीकरण 31 अप्रैल के बाद नहीं होंगे। इसीलिए सभी कंपनियों ने दो पहिया वाहनों पर भारी छूट देने का फैसला लिया है। जिसके कारण जिन वाहनों की बिक्री आज हुई है। उनकी बिलिंग का सारा कार्य आज ही पूरा करना पड़ेगा।
बेटे को दिलवाने आया बाइक नहीं मिली: बाली राम
जिला सचिवालय के कर्मी बाली राम ने बताया कि आज सुबह मोटरसाइकिलों पर भारी छूट की सूचना मिलते ही वो सचिवालय से छुट्टी लेकर अपने बेटे को बाइक दिलवाने के लिए एजेंसी पर पहुंचे। लेकिन उन्हें मुख्य गेट पर ही नो स्टॉक के नोटिस लगे मिले, जिसके चलते उन्हें वापस बिना बाइक के ही लौटना पड़ा।
जेब में पैसे लेकर घूमता रहा लेकिन नहीं मिली बाइक: अकिंत
रादौर से बाइक खरीदने आए अंकित ने बताया कि आज सुबह से नई बाइक खरीदने के लिए जेब में पैसे लेकर घूमता रहा है। उसने बुक भी करवा दी, लेकिन ग्राहकों की भारी भीड़ होने के कारण बाइक नसीब नहीं हुई।
भारी छूट का पता चला तो काम छोड़कर भाग आया: धर्मबीर किरमच
जब मोटरसाइकिलों पर मिल रही भारी छूट की जानकारी मिली तो घर के सारे कामों को छोड़कर नई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए कुरुक्षेत्र आया, लेकिन उसे उस समय पछतावा हुआ जब भारी भीड़ के चलते बिना मोटरसाइकिल लिए ही लौटना पड़ा।
सुबह लाइन में लगा, शाम को मिली बाइक: अभिषेक
अमीन गांव से बाइक खरीदने के लिए आए अभिषेक शर्मा ने कहा कि वह सुबह होते ही एजेंसी पर पहुंच गया और उसने बाइक बुक करवाई। जिसके बावजूद भी उसे सायं को बाइक मिली पाई।
यह रहा दो पहिया वाहनों पर डिस्काउंट
हीरो स्पलेंडर पर करीब 5000 रुपये, स्पलेंडर आई स्मार्ट 7500 रुपये, ग्लैमर 10000, हीरो मेस्टरों 15000 रुपये,
बजाज प्लसर 7000, प्लसर 200 पर 12000, पलेटिना पर लगभग 5000 रुपये।