लाडवा। दो मुंहा सांप दिखाकर व उससे दिल की दवाई बनाकर बेचने के नाम पर 33 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में कर्मपाल निवासी चीका कैथल ने बताया कि वह कंबाइन स्पेयर पार्ट का काम करता है। आरोपी जसप्रीत निवासी टाबर नकुड़ सहारनपुर का उसके पास आना जाना था। एक दिन आरोपी जसप्रीत, मोनू व जरनैल उर्फ काका को लेकर उसके पास आया और उसे बताया कि वह जड़ी बूटियों से दिल की दवाई बनाने का काम करते हैं जोकि बहुत महंगे दामों पर बिकती है। उन तीनों ने उसे अपनी बातों के जाल में फांसते हुए 66 लाख रुपए में सौदा तय किया, जिसमें से आधे 33 लाख रुपए साथ के साथ देने बात कही।
नौ अप्रैल 2022 को वह उक्त राशि लेकर लाडवा बस स्टैंड पर पहुंचा और उन तीनों ने उससे 33 लाख रुपये ले लिए और दवाई अगले दिन 10 अप्रैल को देने की बात कही। जब उसने अगले दिन फोन किया तो आरोपियों ने उसका फोन नहीं उठाया। उसे बाद में पता चला कि आरोपी मोनू धोखाधड़ी के मामले में अंबाला जेल में बंद है। आरोपियों ने इस प्रकार उससे धोखाधड़ी करते हुए 33 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए उसके पैसे वापस दिलाने की मांग की। जब थाना प्रभारी नरेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि तीन आरोपियों जसप्रीत, मोनू निवासी नकुल सहारनपुर तथा जरनैल सिंह उर्फ काका निवासी फाजलपुर बिलासपुर यमुनानगर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।