इस्माईलाबाद। शहर व क्षेत्र में प्री मानसून की अच्छी बरसात होने से किसानों में खुशी की लहर बनी हुई है। धान रोपाई के सीजन से पहले हुई प्री मानसून की बरसात से धान रोपाई के लिए खेत तैयार करने में किसानों काफी आसानी होगी लेकिन बारिश से साथ आए तेज तूफान ने गांव ठसका मीरांजी के किसान नरेंद्र सिंह के तबेले का शेड उड़ गया जिससे कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन किसान को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसान नरेंद्र सिंह ने बताया कि तेज तूफान के चलते उसके पशुओं के लिए बनाए गए तबेले का शेड तिनके की तरह उड़ गया और उसको काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है, इसके अलावा तूफान के चलते क्षेत्र के कई गांवों की बिजली सप्लाई भी बाधित रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। तेज हवा के साथ आई बरसात से तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।