शाहाबाद। श्री मारकंडेश्वर महादेव शिव मंदिर सभा के तत्वावधान में ऐतिहासिक प्राचीन श्री शिव मंदिर में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कार्यक्रम जारी रहा। मंगलवार को श्री राम नाम संकीर्तन में क्षेत्र के विख्यात भजन गायक बंधुओं ने भगवान श्री राम की महिमा का गुणगान करते हुए शिव मंदिर के वातावरण को राममय बना दिया। जहां एक ओर नन्हें बालक निकुंज करावा द्वारा गाए गए भजन अयोध्या सी नगरी हो राम जैसा राजा हो... पर श्रद्धालु झूमते दिखाई दिए, वहीं हर्ष करावा ने अपने भजन भोले बाबा तेरी नौकरी, सबसे बढ़िया है सबसे खरी... के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रदीप करावा के भजन मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे राम आएंगे... पर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। संकीर्तन के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने राम दरबार के समक्ष जमकर नृत्य किया। श्री मारकंडेश्वर महादेव शिव मंदिर सभा की ओर से श्री कृष्ण मंदिर सनातन धर्म सभा के चेयरमैन ढूंड राज आनंद, राइस मिल एसोसिएशन के प्रधान रोहित वधवा, पूर्व विधायक अनिल धनतोड़ी, जीओ गीता के सह-संयोजक राज मक्कड़ एवं हर्षवर्धन कोहली ने करावा बंधुओं को स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान भोलेनाथ के साक्षात स्वरूप स्वयंभू शिवलिंग का सुंदर चित्र भेंट किया। मंच संचालन का कार्य अजय मोंगा ने निभाया। इस दौरान शिव मंदिर सभा के सचिव राजीव शर्मा, कोषाध्यक्ष राज कुमार सलूजा, गौरव सभरवाल, कपिल मनोचा, राजवीर सिंह कालड़ा यूएसए, हरीश मुंजाल, संजय हसीजा, मृत्युंजय शास्त्री, सागर अरोड़ा, गौरव ठकराल, सागर कोहली आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।