कुरुक्षेत्र। अमीन रोड पर मीट की दुकानें हटाने के लिए चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। पुलिस ने मंगलवार को की गई कार्रवाई के बाद दुकानों के ताले तोड़े जाने व अन्य आरोपों के चलते सात दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वहीं दुकानदारों ने अदालत का रुख कर लिया। जहां इस मामले पर बुधवार को सुनवाई हुई तो वहीं आज वीरवार को फिर सुनवाई होगी। वहीं दुकानदार इस कार्रवाई को द्वेषपूर्वक करार दे चुके हैं।
नगर व जिला प्रशासन के लिए इस रोड पर मीट की दुकानें गले की फांस बनी हुई हैं। जिस जगह यह दुकानें बनी हुई हैं, वह ग्राम पंचायत व नगर परिषद की सीमा में बंटा हुआ है और इसी बीच उनसे सटा एक अन्य रोड अलग क्षेत्र की सीमा में आता है। गत दिवस प्रशासन की टीम खेड़ी रामनगर गांव की सीमा की ओर स्थित इन दुकानों को बंद करवाने पहुंची तो दुकानदारों के कड़े गुस्से का सामना करना पड़ा था। बहस के बीच टीम ने सात से आठ दुकानाें पर ताले लगा दिए थे लेकिन टीम के जाते ही कई दुकानदारों ने ताले तोड़ दिए थे। ऐसे में पुलिस ने करीब सात दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं गत दिवस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही दुकानदार अधिवक्ता के माध्यम से अदालत पहुंचे और मामले की त्वरित सुनवाई की मांग रखी। इस पर अदालत ने आज बुधवार को सुनवाई की तो वहीं वीरवार को फिर सुनवाई तय की। दुकानदारों की मानें तो प्रशासन द्वारा पिछले दिनों की गई कार्रवाई के चलते अदालत में मामला है। गत चार अगस्त को ही सुनवाई हुई और 25 अगस्त को फिर सुनवाई तय की गई।