कुरुक्षेत्र। सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशानुसार रन फॉर स्वदेशी (स्वदेशी संकल्प दौड़) के रूप में किया गया। इसमें मुख्य रूप से श्री जयराम शिक्षण संस्थान के निदेशक एसएन गुप्ता, राम सिंह, प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्य टेक सिंह, जयराम सैनिक स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कुमार, शिक्षक-गैर शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. सुदेश रावल ने सभी का स्वागत सम्मान किया। मुख्य वक्ता टेक सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने युवाओं से उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। स्वदेशी संकल्प दौड़ का उद्देश्य छात्राओं में स्वदेशी मूल्यों, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा। वक्ता ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल देशी वस्तुओं का उपयोग नहीं बल्कि भारतीय कारीगर, किसान और श्रमिक के परिश्रम का सम्मान है।
दौड़ के बाद आयोजित स्वदेशी संकल्प सभा में छात्राओं ने अपने जीवन में स्वदेशी को अपनाने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।