कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में रेखी फाउंडेशन फॉर हैप्पीनेस के सहयोग से हैप्पीनेस सेंटर बनाया गया है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को किया। उन्होंने कहा हैप्पीनेस सेंटर में विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी व आमजन खुश रहने के तौर तरीके सीख सकेंगे और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना भी सरलता से कर सकेंगे। विद्यार्थियों को सेंटर के माध्यम से खुशी विज्ञान पढ़ाई जाएगी, जिसके माध्यम से तकनीकी दौर में तनाव मुक्त होकर युवा खुश मन से अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य कर सफलता हासिल करेंगे।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के नेतृत्व में यह केंद्र स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से बाहर निकलने, कार्य के दबाव को कम करने, पढ़ाई के साथ-साथ अन्य विषम परिस्थितियों से बाहर निकलने व उनको खुशी-खुशी सुलझाने के तौर तरीके सिखाए जाएंगे ताकि वे एक बेहतर जीवन जीने के साथ राष्ट्र निर्माण में अहम भागीदारी निभा सकें। विभागाध्यक्ष प्रो. रोहतास सिंह ने बताया कि रेखी फाउंडेशन फॉर हैप्पीनेस 2016 में डॉ. सतिंद्र सिंह रेखी और उनकी पत्नी हरप्रीत रेखी द्वारा अमेरिका में शुरू किया गया था, जिसका लक्ष्य विभिन्न विश्वविद्यालयों में हैप्पीनेस सेंटर को स्थापित करना है। इस मौके पर राज्यमंत्री संदीप सिंह, जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया, कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, डॉ. किरणजोत सिंह, डॉ. प्रभलीन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।